विश्वविद्यालय में गोमांस पार्टी की योजना से भाजपा विधायक भड़के

punjabkesari.in Tuesday, Dec 01, 2015 - 11:09 PM (IST)

हैदराबाद: हैदराबाद स्थित उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर में कुछ छात्रों द्वारा एक गोमांस पार्टी आयोजित करने की योजना सेे एक नया विवाद खड़ा हो गया है क्योंकि भाजपा के एक विधायक ने मांग की है कि यदि इस कार्यक्रम को अनुमति दी गई तो गाय की पूजा करने के एक दूसरे कार्यक्रम की भी इजाजत दी जानी चाहिए। प्रस्तावित कार्यक्रम के आयोजकों में शामिल शंकर ने आज यहां कहा कि पार्टी का आयोजन 10 दिसम्बर को किया जा रहा है जिस दिन अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस भी है। इसका आयोजन कुछ समूहों के भोजन की आदतों पर अंकुश लगाने के कथित प्रयासों के मद्देनजर ‘‘लोकतांत्रिक सिद्धांतों को बचाने’’ के एक साधन के रूप किया जा रहा है।   

शंकर ने स्वयं के भाकपा से संबंधित आल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन का एक सदस्य होने का दावा किया। शंकर ने कहा कि विश्वविद्यालय का विश्व की ‘‘लोकतंत्र विरोधी और आधिपत्यवादी’’ घटनाओं पर अभिव्यक्ति करने का इतिहास रहा है। शहर ने कहा कि इस पार्टी में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया जा रहा है जिसका उद्देश्य किसी को निशाना बनाना नहीं है।
 
इस बीच यहां स्थित गोशमहल से भाजपा विधायक राजा सिंह ने इस पार्टी को रोकने का संकल्प जताया और कहा कि गाय देश के करोड़ों लोगों के लिए एक पवित्र पशु है। कुछ अन्य संगठन भी इस कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति को एक ज्ञापन सौंपा गया है जिसमें कहा गया है कि यदि ‘‘गोमांस पार्टी’’ के लिए इजाजत दी गई तो विश्वविद्यालय परिसर में गाय की पूजा करने वाले कार्यक्रम की भी इजाजत दी जाए। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News