हिंडनबर्ग रिपोर्ट मामले में सुप्रीम कोर्ट आज करेगा सुनवाई, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें
punjabkesari.in Friday, Feb 10, 2023 - 05:16 AM (IST)

नेशनल डेस्कः सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को उस याचिका पर सुनवाई करेगा जिसमें उद्योगपति गौतम अडाणी के नेतृत्व वाले कारोबारी समूह को लेकर ‘हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट' की जांच के लिए शीर्ष अदालत के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में समिति का गठन करने के वास्ते केंद्र को निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
राष्ट्रपति मुर्मू का दो दिवसीय ओडिशा दौरा आज से
राष्ट्रपति द्रौपदी मु्र्मू शुक्रवार से ओडिशा के दो दिन के दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार मुर्मू 10 फरवरी को भुवनेश्वर में ज्ञानप्रभा मिशन के स्थापना दिवस समारोह में उपस्थित होंगी। वह भुवनेश्वर में ही रमा देवी महिला विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी। राष्ट्रपति शनिवार को 11 फरवरी को कटक के आईसीएआर-राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान में दूसरी भारतीय चावल कांग्रेस का उद्घाटन करेंगी।
जी-20 की द्वितीय बैठक की तैयारियों के लिए आएगा भारत सरकार का दल
राजस्थान के उदयपुर में आगामी मार्च माह में प्रस्तावित जी-20 की द्वितीय बैठक की तैयारियों के लिए भारत सरकार के वित्त मंत्रालय का दल शुक्रवार को उदयपुर आएगा। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने दल के समन्वय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे है।
आज से यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का होगा शुभारंभ
उत्तर प्रदेश को नए भारत का ग्रोथ इंजन बनाने के लिए शुक्रवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में दिग्गजों का महाकुंभ लगने जा रहा है। तीन दिन के दौरान अलग अलग सत्रों में आयोजित होने वाले समिट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित मोदी सरकार के तमाम मंत्रीगण शामिल होंगे। इसके अलावा भारत और दुनियाभर के तमाम दिग्गज उद्योगपति भी लखनऊ में आयोजित इस मेगा इवेंट में शामिल होंगे।
NSA अजीत डोभाल ने की रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात, जानें किन मुद्दों पर हुई बात?
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बृहस्तिवार को मॉस्को में विभिन्न द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी के क्रियान्वयन की दिशा में काम करते रहने पर सहमति जताई। रूस स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि चर्चा द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर केंद्रित रही। हालांकि, उसने मुद्दों के बारे में जानकारी नहीं दी।
डोभाल ने मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ विभिन्न मुद्दों पर की चर्चा
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बृहस्पतिवार को मॉस्को में विभिन्न द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी के क्रियान्वयन की दिशा में काम करते रहने पर सहमति जताई। दूतावास ने ट्विटर कर कहा कि एनएसए डोभाल ने राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में बजट चर्चा पर दे सकती हैं जवाब
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शुक्रवार को शाम छह बजे लोकसभा में बजट चर्चा पर जवाब दे सकती हैं। जानकारी के मुताबिक, वित्त मंत्री आज लोकसभा में आम बजट 2023-24 पर विपक्ष के सवालों का जवाब दे सकती हैं। बता दें कि वित्त मंत्री ने 1 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट पेश किया था। संसद के बजट सत्र का पहला सत्र भी आज समाप्त हो रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि वित्त मंत्री आज लोकसभा और राज्यसभा दोनों में बजट चर्चा पर जवाब दे सकती हैं।
पिछले साल 2.25 लाख लोगों ने छोड़ी भारतीय नागरिकता, विदेश मंत्री जयशंकर ने दिए आंकड़े
सरकार द्वारा बृहस्पतिवार को राज्यसभा में उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2011 से 16 लाख से अधिक भारतीयों ने अपनी भारतीय नागरिकता छोड़ दी है। इनमें से सर्वाधिक 2,25,620 भारतीय ऐसे हैं जिन्होंने पिछले साल भारतीय नागरिकता छोड़ी है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी।
कैलाश मानसरोवर यात्रा पर इस साल भी संशय बरकरार, लगातार चौथे साल भी संकट के बादल
कैलाश मानसरोवर यात्रा के बारे में इसे संचालित करने वाली नोडल एजेंसी को अभी तक विदेश मंत्रालय से कोई सूचना नहीं मिली है, जिसके कारण लगातार चौथे साल इस वार्षिक तीर्थयात्रा के संचालन पर संशय के बादल मंडरा रहे हैं। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित लिपुलेख दर्रे के जरिए हर साल यह यात्रा संचालित की जाती है। हालांकि, कोविड-19 महामारी की वजह से वर्ष 2020 से यह यात्रा स्थगित है।