100 साल में पहली बार होगा ऐसा, इस दिन लगभग 6 मिनट तक नहीं दिखेगा सूरज, गवाह बनेंगे लोग
punjabkesari.in Saturday, Jul 19, 2025 - 12:53 PM (IST)

नेशनल डेस्क: खगोल विज्ञान के शौकीनों और आम लोगों के लिए एक अद्भुत खगोलीय घटना का गवाह बनने का समय आ रहा है। साल 2027 में दुनिया एक ऐसे पूर्ण सूर्य ग्रहण को देखेगी, जिसे 'सदियों में एक बार लगने वाला ग्रहण' कहा जा रहा है। यह दुर्लभ ग्रहण 2 अगस्त, 2027 को लगने वाला है और इसकी सबसे खास बात इसकी अवधि होगी – यह करीब 6 मिनट और 23 सेकंड तक चलेगा, जिससे यह लगभग 100 साल का सबसे लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण बन जाएगा।
क्यों है यह इतना खास?
यह सूर्य ग्रहण सिर्फ इसकी लंबी अवधि के कारण ही खास नहीं है, बल्कि दुनिया के एक बड़े हिस्से के लिए इस दौरान सूर्य पूरी तरह से आँखों से ओझल हो जाएगा, जिससे दिन में ही करीब छह मिनट के लिए अंधेरा छा जाएगा। यह सैकड़ों वर्षों के इतिहास में दर्ज सबसे लंबे सूर्य ग्रहणों में से एक होगा। इससे पहले इतिहास का सबसे लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण 743 ईसा पूर्व में हुआ था, जब 7 मिनट 28 सेकंड के लिए अंधेरा छा गया था। यह घटना खगोल विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव होगी।
कहां-कहां दिखेगा यह अद्भुत नज़ारा?
2 अगस्त, 2027 को होने वाले इस सूर्य ग्रहण का पूर्ण पथ 275 किलोमीटर चौड़ा होगा, जो कई महाद्वीपों को कवर करेगा। यह अटलांटिक महासागर से शुरू होकर जिब्राल्टर जलडमरूमध्य, दक्षिणी स्पेन, उत्तरी अफ्रीका से अरब प्रायद्वीप तक जाएगा। हिंद महासागर के ऊपर यह कुछ धुंधला हो जाएगा।
अफ्रीका के ज्यादातर देशों से इसे साफ देखा जा सकेगा। सबसे पहले यह पूर्ण सूर्य ग्रहण दक्षिणी स्पेन, जिब्राल्टर और मोरक्को में दिखाई देगा। इसके बाद अल्जीरिया, ट्यूनीशिया, लीबिया और मिस्र में सूर्य ग्रहण दोपहर के समय दिखेगा। मिस्र के बाद यह सूर्य ग्रहण लाल सागर को पार करते हुए सऊदी अरब, यमन और सोमालिया में भी दिन में अंधेरा करेगा। स्पेन के काडिज और मलागा जैसे शहरों में तो चार मिनट से ज़्यादा समय तक पूरी तरह से अंधेरा छा जाएगा, जो इस घटना को और भी रोमांचक बना देगा।