Indian Navy का हैरतअंगेज कारनामा: कोच्चि आ रहे कच्चे तेल के टैंकर से निकाला जिंदा मिसाइल वॉरहेड, टला बड़ा ब्लास्ट

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 10:05 AM (IST)

Indian Navy Live Missile Warhead Recovery : भारतीय नौसेना ने कोच्चि जा रहे एक कच्चे तेल के टैंकर में मिले जिंदा मिसाइल वॉरहेड को सफलतापूर्वक बरामद किया और उसे सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया जिससे समुद्र और बंदरगाह सुरक्षा से जुड़ा एक संभावित गंभीर खतरा टल गया। यह अभियान बहुत संवेदनशील था जिसे मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाले टैंकर एमटी ओलंपिक लाइफ पर किया गया। 

26 मई को ओमान के तट से गुजरते समय एक धमाके से जहाज के निचले हिस्से को नुकसान पहुंचा था जिसके बाद उसमें बिना फटा हुआ विस्फोटक के होने की सूचना मिली थी। यह जहाज यूएई के फुजैराह से कोच्चि जा रहा था और इसमें कोई भारतीय नागरिक सवार नहीं था। ‘इन्फॉर्मेशन फ्यूज़न सेंटर-इंडियन ओशन रीजन' से प्राप्त जानकारी के आधार पर नौसेना ने एक समन्वित कारर्वाई शुरू की। 

PunjabKesari

खतरे का आकलन करने के लिए कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान की एक विशेषज्ञ टीम को तैनात किया गया। टीम ने पाया कि एक प्रोजेक्टाइल जहाज़ की बाहरी संरचना को भेदकर एक फ़्यूल टैंक में फंसा हुआ था। फ्यूल टैंक में जिंदा मिसाइल वॉरहेड से जुड़े गंभीर खतरों के मद्देनजर नौसेना ने जहाज, उसके चालक दल और पास के बंदरगाह की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सावधानीपूर्वक योजना बनाकर चरणबद्ध तरीके से काम किया। 

यह भी पढ़ें: FIFA World Cup Shock: विश्व कप से बाहर हुआ यह मशहूर खिलाड़ी, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से अचानक लिया संन्यास

सुरक्षा के कड़े नियमों का पालन करते हुए विशेषज्ञों ने उन्नत डायग्नोस्टिक तकनीकों का इस्तेमाल करके विस्फोटक की पहचान की और उसे अलग किया और फिर वॉरहेड और उससे जुड़े मलबे को सफलतापूर्वक बाहर निकाला। बरामद किए गए विस्फोटक को सुरक्षित रखने और उसकी बारीकी से जांच करने के लिए एक सुरक्षित जगह पर भेज दिया गया। 

PunjabKesari

इस अभियान से विस्फोटक को सुरक्षित रूप से नष्ट करने जैसे मुश्किल मिशन को संभालने में भारतीय नौसेना की दक्षता और समुद्री आपातकाल के दौरान कई एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बिठाने की उसकी क्षमता का पता चलता है। 

PunjabKesari

नौसेना ने कहा कि जहाज़ के मालिक या उसके क्रू की राष्ट्रीयता की परवाह किए बिना उसकी त्वरित प्रतिक्रिया समुद्री सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है और हिंद महासागर क्षेत्र में एक भरोसेमंद सुरक्षा भागीदार के रूप में नौसेना की भूमिका को मज़बूत करती है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News