UAE सरकार ने की मदद, भारत से नहीं मिला जवाब… दुबई से लौटे सांसद ने केंद्र पर साधा निशाना

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 12:11 AM (IST)

नेशनल डेस्क : जालना के कांग्रेस सांसद कल्याण काले ने शुक्रवार को ईरान संकट के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसे हुए भारतीयों के सिलसिले में केंद्र सरकार की ओर से की गई कार्रवाई और समर्थन की कथित कमी की आलोचना की। बृहस्पतिवार को दुबई से लौटे काले ने पत्रकारों को बताया कि हवाई क्षेत्र बंद होने के बाद वहां लोग दहशत में हैं।

कांग्रेस सांसद ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले से एक दिन पहले, 27 फरवरी से दुबई में फंसे थे। काले ने दावा किया, ''मैंने विमानन मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को ईमेल भेजे थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे समय में सरकार को प्रेसवार्ता करके विदेश में फंसे लोगों और उनके परिवारों को आश्वासन देना चाहिए था। दुर्भाग्य से, ऐसा नहीं हुआ।'' उन्होंने संकट के दौरान यूएई सरकार द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि वहां की सरकार ने राहत प्रदान की, वीजा की अवधि बढ़ाई और होटलों में ठहरने की व्यवस्था की।

काले ने बताया कि होटलों को यह भी निर्देश दिया गया था कि वे फंसे हुए लोगों से पैसे न लें। उन्होंने कहा, ''हमारा होटल अमेरिकी दूतावास से लगभग 10 किलोमीटर दूर था, जिस पर कथित तौर पर तनाव के दौरान हमला हुआ था। स्वाभाविक रूप से, उस दौरान लोग चिंतित और परेशान थे।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News