BJP अध्यक्ष बनते ही एक्शन मोड में आए नितिन नवीन, विनोद तावड़े को बनाया केरल का प्रभारी, राम माधव को दी ये जिम्मेदारी
punjabkesari.in Tuesday, Jan 20, 2026 - 11:53 PM (IST)
नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पद संभालते ही संगठन में बड़े फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने आने वाले विधानसभा और नगर निकाय चुनावों को देखते हुए कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
पार्टी ने केरल विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे को इस चुनाव के लिए सह-प्रभारी बनाया गया है। केरल में विधानसभा चुनाव अप्रैल महीने में होने की संभावना है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इसके अलावा विनोद तावड़े को एक और बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें चंडीगढ़ के नए मेयर के चुनाव की देखरेख का भी प्रभारी बनाया गया है।



ग्रेटर बेंगलुरु कॉर्पोरेशन चुनाव के लिए भी बीजेपी ने संगठन मजबूत किया है। इस चुनाव में वरिष्ठ नेता राम माधव को चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जबकि सतीश पूनिया और संजय उपाध्याय को चुनाव सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सिर्फ इतना ही नहीं, पार्टी ने आगामी तेलंगाना नगर पालिका और निगम चुनावों के लिए भी नेताओं की नियुक्ति की है। इन चुनावों के लिए महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार को चुनाव प्रभारी, राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी को चुनाव सह-प्रभारी और राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा को भी चुनाव सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इन सभी नियुक्तियों की जानकारी बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी आधिकारिक पत्र (चिट्ठी) के जरिए दी गई है। अधिसूचना में साफ कहा गया है कि ये सभी नियुक्तियां तुरंत प्रभाव से लागू होंगी।
