बच्चा न होने पर आश्रम आई महिला, बंद कमरें में ले जाकर बाबा ने किया रेप, पति करता रहा...
punjabkesari.in Monday, Jul 14, 2025 - 06:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बच्चा न होने से परेशान एक महिला के साथ फिरोजाबाद में बड़ा धोखा हुआ। हाथरस की रहने वाली यह महिला संतान की चाहत में फिरोजाबाद के नारखी क्षेत्र में स्थित एक आश्रम में पहुंची थी। आरोप है कि वहां कथित बाबा ने महिला के पति और ननद-ननदोई को बाहर बिठाकर, आश्रम के कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया।
यह घटना शनिवार शाम की है। हाथरस के सासनी थाना क्षेत्र की निवासी पीड़िता, अपनी ननद, ननदोई और पति के साथ नारखी के मनिया खेड़ा में स्थित बाबा चंद्रपाल के आश्रम में दवा लेने आई थी। बाबा ने झाड़-फूंक और पूजा के बहाने पीड़िता को कमरे में बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिवार वालों को बाहर इंतजार करने को कहा गया था।
बाद में जब पीड़िता ने आपबीती सुनाई तो आश्रम में हंगामा मच गया। पीड़िता की शिकायत पर, पहले छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में महिला के बयान के आधार पर इसे दुष्कर्म की धारा में बदल दिया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबा चंद्रपाल को मनिया खेड़ा के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी चंद्रपाल झाड़-फूंक का काम करता था और आसपास के कई गांवों की महिलाएं उसके पास आती थीं। इस घटना के बाद, लोग हैरान हैं।