शादी के दूसरे दिन ही दुल्हन ने कर दिया कांड, ससुराल वालों के उड़ गए होश
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 05:32 PM (IST)
नेशनल डेस्क : बिहार के मोतिहारी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जबरन कराई गई शादी के महज दो दिन बाद ही दुल्हन के अचानक लापता होने से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। ससुराल पक्ष का आरोप है कि युवती लाखों रुपये के आभूषण और एक लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गई। घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं।
जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर थाना क्षेत्र के इन्द्रगछि गांव निवासी लक्की कुमारी की शादी 20 फरवरी को तुरकौलिया थाना क्षेत्र के मझार गांव निवासी भानु शर्मा के साथ धूमधाम से हुई थी। 21 फरवरी को विदाई के बाद दुल्हन अपने ससुराल पहुंची। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि कुछ ही घंटों में स्थिति पूरी तरह बदल जाएगी।
बताया जाता है कि 22 फरवरी को दुल्हन ने पति से कहा कि उसकी कॉलेज में परीक्षा है और उसे मोतिहारी कॉलेज जाना है। पति उसे लेकर कॉलेज पहुंचा। कॉलेज गेट पर दुल्हन ने पति से बाहर इंतजार करने को कहा और अंदर जाने की बात कहकर चली गई। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो पति को शक हुआ। खोजबीन करने पर पता चला कि वह अपने मायके के एक युवक के साथ वहां से चली गई है।
पति ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उसने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद तुरकौलिया थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई। ससुराल पक्ष का आरोप है कि युवती अपने साथ मायके और ससुराल के सभी आभूषण तथा एक लाख रुपये नकद लेकर गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, युवती की मां आंगनबाड़ी सेविका है और वह स्वयं भी शादी से पहले पास के एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी। वहीं, दूल्हा पेशे से ड्राइवर बताया जा रहा है। घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई है और लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। लड़का पक्ष युवती और कथित रूप से ले जाए गए गहनों की बरामदगी को लेकर दबाव बना रहा है, जबकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
