शादी से पहले दुल्हनों के बीच 'इंस्टेंट स्लिम' होने का खतरनाक क्रेज़, Mounjaro दवा की अंधाधुंध डिमांड

punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 10:19 AM (IST)

हेल्थ डेस्क : भारत में शादियों का मतलब केवल रस्मों-रिवाज़ नहीं, बल्कि बेहतरीन दिखने का सामाजिक दबाव भी है। इसी दबाव के बीच, देश के युवा अब वजन घटाने के लिए 'शॉर्टकट' अपना रहे हैं। नई दिल्ली के कई वेलनेस संस्थान अब "Mounjaro दुल्हन" जैसे पैकेज प्रमोट कर रहे हैं, जिसमें गाइडेड न्यूट्रिशन के साथ वजन घटाने वाले इंजेक्शन शामिल हैं।

डॉक्टरों के पास आने वाली हर 5वीं कॉल दुल्हनों की

रॉयटर्स के एक शोध और कई डॉक्टरों के इंटरव्यू से खुलासा हुआ है कि पिछले कुछ महीनों में मोटापे के इलाज के लिए आने वाली पूछताछ में से 20% से अधिक उन लोगों की है जिनकी शादी होने वाली है। नई दिल्ली के हिंडवाइन हेल्थकेयर के बैरिएट्रिक सर्जन रजत गोयल ने बताया कि दूल्हे और दुल्हन अक्सर एक निश्चित समय सीमा के भीतर वजन कम करने का दबाव लेकर आते हैं। हालांकि, डॉक्टर चेतावनी देते हैं कि ये दवाएँ केवल उन मरीज़ों के लिए हैं जो चिकित्सकीय रूप से मोटापे (Obesity) या उससे जुड़ी बीमारियों जैसे डायबिटीज़ और हाई ब्लड प्रेशर से ग्रस्त हैं।

Mounjaro और Wegovy की बढ़ती लोकप्रियता

Eli Lilly की दवा Mounjaro (GLP-1 रिसेप्टर एगोनिस्ट) भारतीय बाज़ार में डायबिटीज़ और वेट लॉस दोनों के लिए उपलब्ध पहली प्रमुख दवा बनी है। यह Novo Nordisk की Wegovy से भी अधिक लोकप्रिय हो रही है। हाल ही में Novo की दवा के मुख्य तत्व, semaglutide, का पेटेंट खत्म होने के बाद भारतीय कंपनियों ने इसके सस्ते वर्शन बाज़ार में उतारे हैं, जिससे यह आम लोगों की पहुँच में और आसान हो गई है।

सामाजिक दबाव और आत्मविश्वास का सवाल

मुंबई की 26 वर्षीय अदिति (नाम परिवर्तित) ने बताया कि अपनी फरवरी की शादी के लिए उन्होंने डॉक्टर की सलाह पर दवा ली और 10 किलो वजन कम किया। उनका कहना है कि "शादी के दिन खास दिखने के समाज के दबाव और खुद के आत्मविश्वास के लिए उन्होंने यह रास्ता चुना।" हालांकि, ज़्यादातर लोग शादी के तुरंत बाद इन इंजेक्शनों का इस्तेमाल बंद कर देते हैं, जो स्वास्थ्य के लिहाज से चिंता का विषय हो सकता है।

क्या कहती हैं दवा कंपनियाँ?

Eli Lilly ने एक आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया है कि Mounjaro को केवल विशिष्ट मेडिकल स्थितियों के लिए मंज़ूरी दी गई है। इसका इस्तेमाल केवल एक योग्य हेल्थकेयर प्रोफेशनल की देखरेख में ही किया जाना चाहिए। विशेषज्ञों का मानना है कि सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से इन दवाओं का अंधाधुंध उपयोग भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएँ पैदा कर सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News