ठाणे: ऑर्केस्ट्रा बार पर पुलिस का छापा, गुप्त जगह में छिपाकर रखी गई थीं महिलाएं, करवाई गई मुक्त
punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 02:02 PM (IST)
Orchestra Bar Raid : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक ऑर्केस्ट्रा बार पर छापा मारकर एक नाबालिग सहित 13 महिलाओं को मुक्त कराया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोईफोडे ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने भायंदर पूर्व स्थित बार पर छापा मारा और वहां मंच पर महिलाओं को नृत्य करते पाया।
उन्होंने बताया, बार प्रबंधन द्वारा अनुमति से अधिक महिलाओं को काम पर रखने और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए उन्हें अश्लील नृत्य करने पर मजबूर किए जाने की सूचना मिलने के बाद आधी रात के आसपास यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि भवन की तलाशी के दौरान पुलिस टीम को अतिरिक्त महिलाओं को छिपाने के लिए बनाई गई एक संकरी गुप्त जगह मिली जहां से छह महिलाओं और एक नाबालिग को मुक्त कराया गया।
यह भी पढ़ें: पलामू में कोहराम: बच्चों को बस में चढ़ा रहे खलासी को हाइवा ने कुचला, मचा हड़कंप
अधिकारी ने बताया कि प्रतिष्ठान से कुल 13 महिलाओं को मुक्त कराया गया है। उन्होंने बताया कि जान जोखिम में डालने, महिलाओं को असुरक्षित परिस्थितियों में छिपाने और उन्हें अश्लील कृत्यों के लिए विवश करने के आरोप में 13 आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
