शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी की हत्या के बाद उत्तर 24 परगना के कुछ हिस्सों में तनाव, बढ़ाई गई सुरक्षा

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 10:41 AM (IST)

नेशनल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार सुबह तनाव व्याप्त हो गया जिसे देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। घटना के बाद भाजपा समर्थकों ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जिसके मद्देनजर मध्यमग्राम, दोहरिया और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। 

हालांकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पश्चिम बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी से कहा, हम संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रख रहे हैं और अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाजपा ने इसे ''लक्षित हत्या'' करार दिया है। 

यह भी पढ़ें: Aadhar Card New Update: अब सेंटर जाने की टेंशन खत्म, घर बैठे ऐसे बदलें नाम, पता और मोबाइल नंबर

विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 48 घंटे के भीतर हुई इस चौंकाने वाली घटना में अधिकारी के निजी सहायक रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं और इलाके में तनाव बढ़ गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने रात करीब साढ़े 10 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास रथ के वाहन को रोका और नजदीक से गोली मारकर फरार हो गए। 

एक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता ने कहा, हम हत्यारों की गिरफ्तारी चाहते हैं। विपक्ष के नेता से जुड़े वाहन में यात्रा कर रहे रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सुनियोजित हत्या के अलावा कुछ नहीं है। लोग डरे हुए हैं। पार्टी के एक अन्य समर्थक ने आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ होकर काम कर रहे हैं और उन्होंने केंद्रीय एजेंसी से जांच कराए जाने की मांग की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News