रांची: मंदिर में चोरी की कोशिश के दौरान बदमाश ने सुरक्षा गार्ड की हत्या की, जांच जारी

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 03:55 PM (IST)

नेशनल डेस्क। झारखंड की राजधानी रांची के एक मंदिर में एक अज्ञात बदमाश ने चोरी के प्रयास के दौरान सुरक्षा गार्ड की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार देर रात जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के धुर्वा स्मार्ट सिटी इलाके में स्थित जगन्नाथ मंदिर में हुई। 

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने कहा, "एक अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर परिसर के भीतर सुरक्षा गार्ड की हत्या कर दी। मौके से फरार होने से पहले उसने वहां रखे दानपात्र का ताला तोड़ा और कुछ नकदी निकालकर ले गया।" उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि मंदिर का एक द्वार अंदर से खुला हुआ था, जिससे आरोपी ने परिसर में प्रवेश किया और वहां सो रहे सुरक्षा गार्ड पर हमला कर दिया। 

जगन्नाथपुर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड मौके से बरामद कर ली है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा गार्ड के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News