होली पर करवट लेगा मौसम, पंजाब समेत इन राज्यों का बढ़ेगा तापमान

punjabkesari.in Saturday, Mar 08, 2025 - 11:58 AM (IST)

नेशनल डेस्क. इस हफ्ते तक ठंड से परेशान राज्य अब गर्मी महसूस करने लगेंगे। 9 मार्च से शुरू होकर होली तक एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ आएंगे, जिनसे मौसम में बदलाव होगा। मौसम एजेंसी  के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ अभी अफगानिस्तान के ऊपर है और 9 मार्च की रात को जम्मू-कश्मीर पहुंचेगा। इसके बाद अगले कुछ दिनों में लगातार दो-तीन पश्चिमी विक्षोभ आ सकते हैं। इन विक्षोभों के चलते उत्तरी हवाओं का असर खत्म हो जाएगा, जिससे ठंडक में कमी आएगी और तापमान बढ़ेगा।

तापमान में होगी बढ़ोतरी 

इस मौसम बदलाव के कारण पंजाब, हरियाणा समेत 9 राज्यों में 15-16 मार्च तक तापमान अधिक रहेगा। इस दौरान रात का तापमान भी बढ़ेगा और सुबह-रात की सर्दी खत्म हो जाएगी।

पश्चिमी विक्षोभ का असर पहाड़ी राज्यों पर

IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते अधिकांश पहाड़ी राज्य प्रभावित होंगे। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 9 से 15-16 मार्च तक हल्की आंधी और बारिश की संभावना है। इस दौरान बर्फबारी भी जारी रहेगी। 10 मार्च से दक्षिण भारत में भी मौसम में बदलाव होगा, खासकर तमिलनाडु में अधिक बारिश हो सकती है। वहीं महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

मौसम में बदलाव के क्षेत्रवार विवरण

पंजाब-हरियाणा: यहां तापमान बढ़ने लगेगा और सर्दी में कमी आएगी। होली के आसपास, यानी 13 और 14 मार्च को उत्तरी जिलों में बारिश हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश: 10 मार्च से पहाड़ों पर मौसम में बदलाव आएगा और एक हफ्ते तक यहां मौसमी गतिविधियां चलेंगी। बर्फबारी होने के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में लैंडस्लाइड और मडस्लाइड की संभावना रहेगी।

दिल्ली-एनसीआर: मौसम साफ और शुष्क रहेगा और तापमान बढ़ने की संभावना है। 7 मार्च से दिन का तापमान 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। 11-14 मार्च के बीच यह तापमान 33 डिग्री पार कर सकता है। होली पर हल्की बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश: पूरे प्रदेश में तापमान बढ़ेगा। उत्तर पश्चिम जिलों में 13 और 14 मार्च को बारिश हो सकती है।

बिहार-झारखंड: यहां भी तापमान बढ़ेगा।

राजस्थान: यहां पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होगा। तेज हवाओं से राहत मिलेगी और मौसम धीरे-धीरे गर्म होने लगेगा। रात का तापमान अब बढ़ेगा।

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़: इन राज्यों में तापमान बढ़ेगा और यहां गर्मी का असर ज्यादा महसूस होगा। रात का तापमान बढ़ेगा और गर्मी में इजाफा होगा।

महाराष्ट्र: अब हवाएं उत्तर से चलने की बजाय पूर्व दिशा से चलने लगेंगी, जिससे गर्मी बढ़ेगी। मध्य महाराष्ट्र में 10-11 मार्च के दौरान हीटवेव का असर हो सकता है।

गुजरात: प्री-मानसून गर्मी तेज होगी। 8 मार्च से तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है और कुछ इलाकों में लू भी चल सकती है। 12 मार्च तक बारिश की संभावना नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News