LIC Scheme: महिलाओं के लिए सुनहरा मौका! LIC की इस स्कीम से हर महीने मिलेंगे 7,000 रुपये

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 05:57 PM (IST)

नेशनल डेस्कः देश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में Life Insurance Corporation of India (एलआईसी) ने एक अहम पहल की है। ‘बीमा सखी योजना’ के जरिए महिलाओं को न केवल बीमा क्षेत्र में करियर बनाने का मौका दिया जा रहा है, बल्कि प्रशिक्षण के दौरान ही उन्हें हर महीने निश्चित आय भी दी जा रही है। खास बात यह है कि केवल 10वीं पास महिलाएं भी इस योजना का लाभ उठा सकती हैं और शुरुआत में प्रति माह 7,000 रुपये तक का मानदेय प्राप्त कर सकती हैं।

प्रशिक्षण के दौरान ही मिलेगी आय

इस योजना के तहत चयनित महिलाओं को एलआईसी एजेंट के रूप में प्रशिक्षित किया जाता है। प्रशिक्षण के पहले वर्ष में महिलाओं को हर महीने 7,000 रुपये का मानदेय दिया जाता है। दूसरे वर्ष यह राशि 6,000 रुपये प्रति माह और तीसरे वर्ष 5,000 रुपये प्रति माह मिलती है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाएं पूर्णकालिक एलआईसी एजेंट के रूप में काम शुरू कर सकती हैं, जहां उन्हें तय लक्ष्य पूरा करने पर कमीशन और अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी मिलती है।

कौन कर सकता है आवेदन

बीमा सखी योजना को इस तरह तैयार किया गया है कि गांव और शहर दोनों जगह की महिलाएं आसानी से इसका लाभ ले सकें। इसके लिए किसी बड़ी शैक्षणिक योग्यता की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी महिला ने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 10वीं कक्षा पास की है, तो वह इस योजना के लिए आवेदन कर सकती है।
आयु सीमा भी काफी व्यापक रखी गई है—18 वर्ष से लेकर 70 वर्ष तक की महिलाएं इस योजना का हिस्सा बन सकती हैं। हालांकि, जो महिलाएं पहले से एलआईसी में कर्मचारी या एजेंट के रूप में कार्यरत हैं, वे इसके लिए पात्र नहीं होंगी।

आवेदन की प्रक्रिया

आवेदन की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसमें भाग ले सकें। इच्छुक महिलाएं ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरीकों से आवेदन कर सकती हैं।

ऑफलाइन आवेदन: इसके लिए नजदीकी एलआईसी शाखा में जाकर संपर्क करना होगा।

ऑनलाइन आवेदन: इसके लिए एलआईसी की आधिकारिक वेबसाइट Life Insurance Corporation of India पर जाकर ‘क्लिक फॉर बीमा सखी’ विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद खुले फॉर्म में व्यक्तिगत जानकारी भरनी होगी और 10वीं का प्रमाणपत्र, आयु प्रमाण पत्र तथा निवास प्रमाण पत्र से जुड़ी जानकारी देनी होगी। सभी विवरण जांचने के बाद कैप्चा भरकर फॉर्म सबमिट किया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News