आज दूल्हा बनेंगे टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज आकाशदीप, कौन हैं उनकी होने वाली दुल्हनिया अक्षिता राज?
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 09:59 PM (IST)
नेशनल डेस्कः भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज आकाशदीप आज अपने जीवन की एक नई और महत्वपूर्ण पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। वे आज वाराणसी के प्रतिष्ठित होटल 'ताज गंगेज' (Taj Ganges) में मणिकपुर निवासी अक्षिता राज के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। अग्नि को साक्षी मानकर दोनों सात फेरे लेंगे। बता दें कि आकाशदीप बिहार के रोहतास जिले के बड्डी गांव के रहने वाले हैं, जबकि अक्षिता भी इसी जिले के मणिकपुर की निवासी हैं।
कौन हैं आकाशदीप की दुल्हनिया अक्षिता राज?
अक्षिता राज एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं और उनके पिता का नाम अमित कुमार सिंह है। वे पढ़ाई-लिखाई में काफी मेधावी रही हैं। उन्होंने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT) से बीसीए (BCA) और एमसीए (MCA) की डिग्रियां हासिल की हैं। दिलचस्प बात यह है कि अक्षिता को एक शानदार नौकरी का प्रस्ताव भी मिला था, लेकिन आकाशदीप के साथ शादी तय होने के कारण उन्होंने उस ऑफर को ठुकरा दिया। यह एक अरेंज मैरिज है।
गांव में जश्न, सादगी से होगी शादी
पिछले चार दिनों से आकाशदीप के पैतृक गांव बड्डी में जश्न का माहौल है। हालांकि, शादी को मीडिया की चकाचौंध से दूर रखा गया है और यह एक निजी समारोह (Private Wedding) होगा, जिसमें केवल परिवार और करीबी दोस्त शामिल होंगे।
DSP बने आकाशदीप, लेकिन चोट ने बढ़ाई चिंता
हाल ही में बिहार सरकार ने आकाशदीप की उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें DSP के पद से नवाजा है। क्रिकेट के मैदान की बात करें तो आकाशदीप वर्तमान में कमर की चोट से जूझ रहे हैं, जिसकी वजह से वे IPL 2026 के पूरे सीजन से बाहर रहे। उन्होंने भारतीय टीम के लिए अपना आखिरी टेस्ट मैच जुलाई 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। फिलहाल उन्हें सफेद गेंद के क्रिकेट (वनडे और टी20) में डेब्यू का इंतजार है।
प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि शादी के बाद मिलने वाला यह नया साथ आकाशदीप के लिए खुशकिस्मत साबित होगा और वे जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे।
