''लव जिहाद'' को बढ़ावा देने के शक में शिक्षक की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने किया आत्मसमर्पण

punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 09:18 PM (IST)

यूपी : प्रदेश के बिजनौर जिले में एक व्यक्ति ने कथित 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने के संदेह में एक सरकारी प्राथमिक स्कूल के शिक्षक की विद्यालय के बाहर कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी और फिर थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने बताया कि मंगलवार दोपहर नजीबाबाद थाना क्षेत्र के सौपुरी गांव में प्राथमिक विद्यालय से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद शिक्षक नौशाद अहमद को गौरव राठी ने दो गोलियां मारीं। उन्होंने बताया कि अहमद को ऋषिकेश स्थित एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूरनपुर का रहने वाला आरोपी बाद में पिस्तौल लेकर नजीबाबाद थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक, राठी ने पुलिस को बताया है कि करीब चार महीने पहले उसने गांव की एक युवती को तालिब के साथ मोटरसाइकिल पर जाते देखा था, जिसके बारे में उसने युवती के परिवार के लोगों को बताया था । सूत्रों के मुताबिक राठी ने पुलिस से कहा था कि परिजनों ने कथित तौर पर तालिब और उसके परिवार को युवती से न मिलने की चेतावनी दी थी।

सूत्रों के अनुसार तालिब अक्सर अहमद से मिलता था और राठी को शक था कि वह तालिब को 'लव जिहाद' के लिये बढ़ावा दे रहे थे जिसे वह 'लव जिहाद' कहता था। उन्होंने बताया कि चार दिन पहले अहमद ने कथित तौर पर राठी के साथ मारपीट की थी और उसे इस मामले से दूर रहने की चेतावनी दी थी। सूत्रों के मुताबिक राठी ने पुलिस को बताया कि उसने 'लव जिहाद' के शक और कथित मारपीट का बदला लेने के लिए अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News