महिला की चौथी मंजिल से गिरकर मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 12:24 AM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक इमारत की चौथी मंजिल से कथित तौर पर गिरकर 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। महिला के परिवार ने उसके पति और ससुराल वालों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।

सूत्रों ने बताया कि यह घटना रविवार सुबह संत नगर में चेतन बिहारी मंदिर के पास हुई। महिला की शादी पंकज नाम के व्यक्ति से करीब 14 साल पहले हुई थी। उसके परिवार का आरोप है कि दंपति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और पंकज ने अतीत में कई बार उसके साथ मारपीट की थी।

महिला की बहन के अनुसार, पंकज ने उसे कई बार फोन करके अपनी बहन को घर ले जाने के लिए कहा था। उसने आरोप लगाया कि इसके तुरंत बाद, एक पड़ोसी ने उसे सूचित किया कि उसकी बहन जमीन पर घायल अवस्था में पड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध तथा फॉरेंसिक टीमों को बुलाया, जिन्होंने सबूत एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस ने बताया कि एक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News