बीजेपी नेता की हत्या की साजिश नाकाम, पत्नी और 5 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 02:06 PM (IST)
नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक स्थानीय नेता की हत्या करने की एक बड़ी और खौफनाक साजिश का भंडाफोड़ किया है। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस नेता की जली हुई मोटरसाइकिल की जांच कर रही थी। मामले की गहन तफ्तीश के बाद पुलिस ने बीजेपी नेता की पत्नी समेत कुल छह लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत बीते 13 सितंबर को हुई थी। रात के अंधेरे में बीजेपी मंडल अध्यक्ष मुनिराजू की मोटरसाइकिल को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया था। घटना के तुरंत बाद मुनिराजू ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई। शुरुआत में पुलिस ने इसे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का एक सामान्य मामला माना और इसी एंगल से तफ्तीश शुरू की। जांच में पुलिस ने यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या इस घटना का तार किसी स्थानीय राजनीतिक विवाद से जुड़ा है। पुलिस का ध्यान हाल ही में विनायक चतुर्थी के दौरान हुए फ्लेक्स ( विवाद की ओर भी गया। हालांकि, जांच टीम को ऐसा कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला जो राजनीतिक रंजिश की पुष्टि कर सके। इसके बाद जांचकर्ताओं ने दिशा बदलते हुए इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और मोबाइल डेटा/लोकेशन को खंगालना शुरू किया।
CCTV और टेक्निकल एविडेंस से मिला सुराग:
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने बाइक जलाने में शामिल पांच मुख्य संदिग्धों की पहचान की। इन संदिग्धों के नाम साई, उदय किरण, लीला कृष्णा, पृथ्वीराज और हरीश हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांचों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मुनिराजू की बाइक को आग लगाने की बात कबूल कर ली।
चौंकाने वाला खुलासा: पत्नी ही निकली मुख्य साजिशकर्ता:
हिरासत में लिए गए आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो मामला एक सामान्य बाइक जलाने की घटना से बदलकर मर्डर कॉन्स्पिरेसी में बदल गया। पुलिस तफ्तीश में मुनिराजू की पत्नी 'प्रशांती' की अहम भूमिका सामने आई। पुलिस जांच से साफ हुआ कि प्रशांती अपने ही पति को रास्ते से हटाने के लिए एक बड़ी साजिश रच रही थी।
सोशल मीडिया चैट से खुली पोल:
पुलिस ने जब आरोपियों की सोशल मीडिया गतिविधियों और डिजिटल फॉरेंसिक रिकॉर्ड की जांच की, तो पता चला कि प्रशांती मुख्य आरोपी साई के साथ लगातार संपर्क में थी। वह साई के साथ अपने पति से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात और मूवमेंट साझा करती थी।
कई बार बनाई गई हत्या की योजना:
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रशांती और अन्य आरोपियों के बीच मुनिराजू पर हमला करने को लेकर कई बार बातचीत हुई थी और बाकायदा योजनाएं तैयार की गई थीं। हालांकि, गनीमत यह रही कि हत्या की इन साजिशों को अंजाम देने से पहले ही मामला उजागर हो गया। फिलहाल पुलिस बाइक जलाने की घटना को इसी मर्डर प्लान के एक अहम हिस्से के रूप में मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
साजिश का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस ने मुनिराजू की पत्नी प्रशांती, साई, उदय किरण, लीला कृष्णा, पृथ्वीराज और हरीश- इन सभी 6 आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
