TCS Layoffs: 12,000 कर्मचारियों पर गिरी गाज लेकिन इतने सालों तक कंपनी नहीं होने देगी पैसों की कमी

punjabkesari.in Friday, Oct 03, 2025 - 03:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क : देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) इन दिनों बड़े पैमाने पर छंटनी की प्रक्रिया से गुजर रही है। तकनीकी बदलाव और ऑटोमेशन के इस दौर में कंपनी ने अपने कर्मचारियों की संख्या घटाने का निर्णय लिया है। हालांकि, इस कठिन समय में टीसीएस ने प्रभावित कर्मचारियों को राहत देने के लिए विशेष कदम उठाए हैं। कंपनी अब नौकरी से हटाए जाने वाले कर्मचारियों को 6 महीने से 2 साल तक का वेतन बतौर सेवरेंस पैकेज देने जा रही है।

क्यों लिया गया फैसला?
सूत्रों के अनुसार, TCS ने कुल वर्कफोर्स का लगभग 2% यानी करीब 12,000 कर्मचारियों की संख्या घटाने का निर्णय किया है। इसका मुख्य कारण यह है कि कई कर्मचारियों की स्किल्स बदलती तकनीकी जरूरतों और क्लाइंट्स की मांग के अनुरूप नहीं रह गई थीं। कंपनी का उद्देश्य अपनी टीम को चुस्त-दुरुस्त और भविष्य के लिए तैयार करना है।

कर्मचारियों को मिलेगा कितना पैकेज?
बेंच पर बैठे कर्मचारी (8 महीने से बिना प्रोजेक्ट के): इन्हें केवल 3 महीने की सैलरी नोटिस पीरियड के रूप में मिलेगी।

10 से 15 साल सेवा वाले कर्मचारी: इन्हें लगभग 1.5 साल की सैलरी का पैकेज मिलेगा।

15 साल से अधिक सेवा वाले सीनियर कर्मचारी: इन्हें 1.5 से 2 साल तक का सेवरेंस पैकेज दिया जा सकता है।

एक्स्ट्रा मदद और सपोर्ट
TCS ने प्रभावित कर्मचारियों के लिए कई और कदम भी उठाए हैं:

आउटप्लेसमेंट सर्विसेज: कंपनी तीन महीने तक नई नौकरी खोजने में मदद के लिए एजेंसी फीस वहन कर रही है।

मेंटल हेल्थ सपोर्ट: TCS के ‘TCS केयर्स’ प्रोग्राम के तहत थेरेपिस्ट और काउंसलिंग की सुविधा दी जा रही है।

अर्ली रिटायरमेंट ऑप्शन: जिनकी रिटायरमेंट उम्र नजदीक है, उन्हें सभी बेनेफिट्स के साथ 6 महीने से 2 साल तक का एक्स्ट्रा पैकेज भी मिलेगा।

CEO का बयान
TCS के CEO कृतिवासन ने कहा कि यह उनके लिए सबसे कठिन फैसलों में से एक रहा है। उनका मानना है कि यह कदम कंपनी को आने वाले समय की चुनौतियों के लिए मजबूत बनाएगा।

अधिकांश कर्मचारियों के एडजस्टमेंट अगस्त और सितंबर में पूरे कर दिए गए हैं। अब केवल कुछ मामलों में ही रिसोर्स मैनेजमेंट ग्रुप (RMG) के जरिए कर्मचारियों को नई भूमिका तलाशने का मौका दिया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Shubham Anand

Related News