राहुल गांधी का हमला: भ्रष्ट हैं तमिलनाडु के CM, इसलिए पीएम मोदी और शाह के पैरों में झुकते हैं

punjabkesari.in Sunday, Mar 28, 2021 - 02:43 PM (IST)

नेशनल डेस्क: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज चेन्नई के दौरे पर हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को अन्नाद्रमुक के शीर्ष नेता एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी पर आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार में संलिप्त रहने के चलते वह पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगे झुकने को मजबूर हुए।

मैं स्वीकार नहीं कर सकता
राज्य में छह अप्रैल को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए गांधी ने दावा किया कि उन्होंने देखा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को ‘नियंत्रित' कर रहे हैं और उन्हें (पलानीस्वामी को) ‘‘चुपचाप उनके चरण स्पर्श करने के लिए मजबूर किया, जिसे मैं स्वीकार नहीं कर सकता।''

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक ‘नेता' को शाह के आगे झुकने के लिए मजबूर किया गया था क्योंकि वह (उक्त नेता) भ्रष्ट हैं और इस व्यक्ति ने भ्रष्टाचार के चलते अपनी आजादी खो दी। उन्होंने दावा किया कि पलानीस्वामी की भी यही स्थिति रही है। हालांकि, गांधी ने उत्तर प्रदेश के उस नेता के नाम का उल्लेख नहीं किया। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘तमिलनाडु का मुख्यमंत्री अमित शाह के आगे झुकना नहीं चाहेगा और तमिलनाडु का कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं करना चाहेगा।''

तमिलनाडु के CM भ्रष्टाचार में लगे हुए हैं
गांधी ने आरोप लगाया कि हालांकि, पलानीस्वामी अपने ‘भ्रष्टाचार' के चलते शाह के आगे झुकने को मजबूर हो गये। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दुर्भाग्य से, उन्होंने (पलानीस्वामी) तमिलनाडु के लोगों का जो पैसा चुराया है उसके चलते वह अब फंस गये हैं।'' गांधी ने विश्वास जताया कि द्रमुक प्रमुख एम के स्टालिन राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। राहुल गांधी ने चेन्नई में कांग्रेस उम्मीदवार हसन हारून के समर्थन में आयोजित जनसभा में भाजपा के शीर्ष नेताओं को लेकर यह बात कही। 

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News