स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर: चेन्नई में सैकड़ों कौओं की मौत से हड़कंप, लैब टेस्ट में हुई खतरनाक वायरस की पुष्टि

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 03:14 PM (IST)

नेशनल डेस्क: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में प्रकृति ने एक डरावना संकेत दिया है। बिते दिनों शहर के अलग-अलग हिस्सों में अचानक सैकड़ों कौवे मृत पाए गए, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। जब इन पक्षियों के नमूनों की प्रयोगशाला में जांच की गई, तो रिपोर्ट ने अधिकारियों की नींद उड़ा दी। जांच में 'H5N1' वायरस यानी Avian Influenza (Bird Flu) की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर है और पूरे इलाके में संक्रमण को रोकने के लिए घेराबंदी शुरू कर दी गई है।

प्रशासन सख्त, केंद्र ने भी कसी कमर

परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार के पशुपालन मंत्रालय ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को आपातकालीन पत्र लिखा है। इसमें साफ कहा गया है कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाए। सुरक्षा नियमों के तहत, मृत कौओं और मुर्गियों के अवशेषों को या तो पूरी तरह जलाया जा रहा है या जमीन में गहरा दफन किया जा रहा है, ताकि वायरस हवा या पानी के संपर्क में न आए। आम जनता को सख्त हिदायत दी गई है कि वे किसी भी मृत पक्षी को हाथ न लगाएं और कहीं भी ऐसा मामला दिखने पर तुरंत नगर निगम या स्वास्थ्य अधिकारियों को सूचित करें।

आखिर कितना खतरनाक है H5N1?

H5N1 असल में इन्फ्लुएंजा 'A' वायरस का एक बहुत ही आक्रामक रूप है, जिसे हम आम भाषा में Bird Flu कहते हैं। यह मुख्य रूप से मुर्गियों, बत्तखों और जंगली पक्षियों को अपना शिकार बनाता है। हालांकि, इंसानों में इसका संक्रमण होना काफी दुर्लभ है, लेकिन अगर कोई व्यक्ति संक्रमित पक्षी, उसकी लार या गंदगी के सीधे संपर्क में आता है, तो वह इसकी चपेट में आ सकता है। इंसानों में यह वायरस फेफड़ों को भारी नुकसान पहुँचाता है और निमोनिया जैसी जानलेवा स्थिति पैदा कर सकता है।

बचाव ही सबसे बड़ा रास्ता

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। Poultry Farms और पक्षियों के जमावड़े वाली जगहों पर विशेष नजर रखी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें। पक्षियों से दूरी बनाए रखना और सफाई का ध्यान रखना ही इस समय सबसे सुरक्षित उपाय है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News