रिश्ते हुए शर्मसार: पति की बीमारी का फायदा उठाकर दो जेठों ने बहू के साथ बार-बार किया.. कहा ''तेरा बीमार पति इसी से ठीक होगा''
punjabkesari.in Wednesday, Sep 17, 2025 - 04:47 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने दो जेठों पर बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी पति के बीमार होने का फायदा उठाते थे और बेटी को मार डालने की धमकी देकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
यह पूरी घटना 10 जनवरी से 25 मई, 2025 के बीच रेलवे पटरी के पास जंगीपुरा, डबरा में हुई. 25 वर्षीय पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी शादी 5 मई, 2023 को डबरा निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के एक साल बाद, पति के बीमार रहने के कारण वह इलाज के लिए अक्सर रतलाम के टेकरी शरीफ जावरा जाते थे।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि जब उसका पति जावरा गया हुआ था, तब 10 जनवरी की रात करीब 1 बजे उसका मंझला जेठ कमरे में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने 10 महीने की बच्ची को जान से मारने की धमकी दी। मंझले जेठ के जाने के बाद, बड़ा जेठ भी कमरे में आया और उसने भी यही हैवानियत दोहराई. पीड़िता के अनुसार, कमरे का दरवाजा बंद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर दोनों जेठ कमरे में आए। जब पीड़िता ने इस घिनौनी हरकत का विरोध किया, तो जेठों ने कहा कि उन्हें किसी ने बताया है कि ऐसा करने से उनके पति का स्वास्थ्य जल्द ठीक हो जाएगा। इसके बाद दोनों जेठों ने कई बार महिला के साथ दुष्कर्म किया।
पति ने भी नहीं दिया साथ
फरवरी 2025 में जब पीड़िता का पति घर वापस आया, तो उसने अपनी आपबीती सुनाई। लेकिन पति ने उसकी बातों को झूठ मानते हुए उसी के साथ मारपीट की। इस घटना के बाद पीड़िता 23 फरवरी 2025 को अपने पति के साथ जंगीपुरा वाले घर से बाजार वाले घर में रहने चली गई, लेकिन वहां भी जब पति घर पर नहीं होता था, तो जेठ आकर दुष्कर्म करते थे। इस सबसे परेशान होकर महिला अपने मायके चली आई। जब पति उसे वापस लेने आया तो उसने जाने से इनकार कर दिया। मायके वालों ने कारण पूछा तो उसने पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार और समाज के लोगों ने एक पंचायत बुलाई, लेकिन ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य उसमें शामिल नहीं हुआ।
महिला थाने में दर्ज कराई शिकायत
इसके बाद महिला ने अपने परिजनों के साथ ग्वालियर महिला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों जेठों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।