एस.वाई.एल पर अगले हफ्ते रुख साफ करेंगे केजरीवाल

punjabkesari.in Tuesday, Nov 15, 2016 - 11:13 AM (IST)

नई दिल्ली: सतलुज-यमुना लिंक नहर (एस.वाई.एल.) पर सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले से आम आदमी पार्टी (आप) संतुष्ट नहीं है। अभी तक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस पर साफ  शब्दों में कुछ नहीं कहा है। माना जा रहा है कि 20 नवंबर से पंजाब के 10 दिवसीय दौरे में अरविंद केजरीवाल इस मसले में अपनी बात खुलकर रखेंगे। 

हालांकि आप नेताओं का कहना है कि एस.वाई.एल. विवाद से पंजाब का नुक्सान हुआ है। पंजाब में आप के सह-प्रभारी और राजौरी गार्डन से विधायक जरनैल सिंह ने बताया कि पहले यह देखना होगा कि पंजाब के दरियाओं में कितना पानी है। पंजाब में अकाली और भाजपा गठबंधन की सरकार है। हरियाणा और राजस्थान में भी भाजपा की सरकार है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस गंभीर मुद्दे पर तीनों राज्यों की एक बैठक बुलाएं। पानी में आग लगाकर राजनीतिक रोटियां किसी को नहीं सेंकनी चाहिएं। 
 

जरनैल ने बताया कि पंजाब में 50 फु ट से नीचे पानी का स्तर चला गया है। देश में सबसे ज्यादा अनाज उत्पन्न करने वाले राज्यों में पंजाब आता है। इस राज्य को पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करवाने से बड़ा संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने कहा कि 16 नवंबर को अकाली-भाजपा सरकार ने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। सरकार के फैसले पर ‘आप’ की नजर रहेगी। जरनैल सिंह ने बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहले ही कह चुके हैं कि किसी भी राज्य का हक नहीं मारा जाना चाहिए। मिलजुल कर समस्या का समाधान निकालना होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News