दो मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद भीड़ पर SUV चढ़ी, चार की मौत

punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 12:28 AM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बुधवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़ को एक तेज रफ्तार एसयूवी ने कुचल दिया।

करनैलगंज क्षेत्र के सहायक पुलिस अधीक्षक अभिषेक दावाच्या ने बताया कि गोंडा-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर संजय ढ़ाबा के पास बुधवार की रात करीब 10 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। उन्होंने बताया कि इसी दौरान तेज गति से आ रही एक एसयूवी अनियंत्रित होकर वहां मौजूद लोगों पर चढ़ गई, जिससे इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) करनैलगंज भेजा गया। चिकित्सकों ने गुलशन (25), संजय कुमार तिवारी (28) और दो सगे भाइयों हसन मोहम्मद (40) और इम्तियाज (27) को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में अल्ताफ (32), तबरेज आलम (20), विनय सिंह (26), अंशुमान (10) और परवेज (17) घायल हुए हैं जिनका उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News