खौफनाक वारदात: स्कूटी सवार को SUV से कई बार कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 07:55 AM (IST)
SUV Stunt Scooty Rider Death : देश की राजधानी दिल्ली का कंझावला इलाका एक बार फिर एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात से दहल उठा है। यहां एक तेज़ रफ्तार SUV कार ने एक 38 वर्षीय स्कूटी सवार को कथित तौर पर एक बार नहीं बल्कि कई बार बर्बरता से कुचला जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस खौफनाक हादसे के बाद आरोपी चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस सूत्रों ने इस घटना की पुष्टि की है।
वहीं इस मामले में मृतक के परिवार ने जो दावे किए हैं उसने इस पूरे हादसे को एक गहरी और खौफनाक साजिश में बदल दिया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना चांदपुर गांव के पास हुई। उसने बताया कि हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस एसयूवी और उसके चालक की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि यह एक सोची-समझी हत्या है। परिजनों का दावा है कि पीड़ित पर इससे पहले भी दो बार हमला किया गया था लेकिन वह बच गया था। फिलहाल पुलिस ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
