लॉरी ने दोपहिया वाहन और ट्रैक्टर को मारी टक्कर, 3 लोगों की मौत
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 09:18 PM (IST)
नेशनल डेस्क : आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में सोमवार को एक लॉरी ने पहले दोपहिया वाहन को टक्कर मारी और फिर पानी के टैंकर वाले ट्रैक्टर से जा टकराई। इस हादसे में पांच साल के एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पलामानेर से कुप्पम की ओर जा रही लॉरी की कडापल्ली गांव के पास एक दोपहिया वाहन से टक्कर हो गई। कुप्पम के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बी पार्थसारथी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "यहां कडापल्ली गांव के पास लापरवाही से चलाई जा रही एक लॉरी ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, और फिर पानी के टैंकर वाले ट्रैक्टर से टकरा गई, जिससे पांच साल के एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए।"
डीएसपी ने कहा कि घायलों में दो नाबालिग और तीन वयस्क शामिल थे, जिन सभी को इलाज के लिए कुप्पम के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इन विवरणों का इंतजार है कि दुर्घटना के वक्त मृतक और घायल कहां थे। पार्थसारथी ने कहा कि घायलों में से एक, पांच साल के बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। उन्होंने कहा कि शेष चार घायल व्यक्ति उपचाराधीन हैं।
