शरद किन परिस्थितियों में कर रहे लालू के भ्रष्टाचार का समर्थन: सुशील

punjabkesari.in Thursday, Aug 10, 2017 - 08:22 PM (IST)

पटना: भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुशील कुमार मोदी ने नीतीश कुमार के महागठबंधन से नाता तोड़ राजग के साथ सरकार बनाने को लेकर जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव पर निशाना साधा। मोदी ने सवालिया लहजे में कहा कि हवालाकांड मामले में नाम आने के बाद लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले यादव आज किन परस्थितियों में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एवं उनके परिवार के भ्रष्टाचार का समर्थन कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने यादव के बयान पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकनायक जयप्रकाश नारायण की अगुवाई में देश में शुरू हुए छात्र आंदोलन से राजनीति की शुरुआत करने वाले शरद यादव आज लालू परिवार के भ्रष्टाचार का समर्थन कर रहे हैं।

नीतीश ने भ्रष्टाचार से समझौता न कर एक उदाहरण किया पेश 
जनादेश के अपमान की बात करने वाले यादव बताएं कि जब उन पर हवाला कांड का आरोप लगा था तो उन्होंनेे लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा क्यों दे दिया था। क्या बिहार की जनता ने एक परिवार की अकूत बेनामी संपति और भ्रष्टाचार के संरक्षण के लिए जनादेश दिया था। मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को जनादेश भ्रष्टाचार का संरक्षण करने के लिए नहीं बल्कि राज्य से भ्रष्टाचार समाप्त करने के साथ ही विकास और सुशासन के लिए दिया था। उन्होंने कहा कि जनादेश भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर मिला था। मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार से समझौता नहीं कर एक अनूठा उदाहरण पेश किया है और आज प्रदेश की जनता नीतीश के इस निर्णय से खुश है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News