शरद पवार का PM मोदी पर निशाना, कहा- गांधी-नेहरू के विचारों को बदनाम कर रहे

punjabkesari.in Tuesday, Apr 30, 2024 - 10:55 PM (IST)

नेशनल डेस्क : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-सपा) प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को कथित तौर पर महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों को बदनाम करने की कोशिश के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके अनुयायियों की आलोचना की। यहां राकांपा-सपा उम्मीदवार शशिकांत शिंदे के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री पवार ने पिछले 10 वर्षों के दौरान देश में आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों और बेरोजगारी के लिए केंद्र सरकार की गलत नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसान अपनी कृषि उपज के लिए उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण आत्महत्या कर रहे हैं और दावा किया कि इस अवधि के दौरान महिलाओं के खिलाफ अपराध भी बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि सतारा क्रांतिकारियों का जिला है। यहां के दिवंगत यशवंतराव चव्हाण और वसंतदादा पाटिल ने देश को आजादी दिलाने के लिए स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों को आगे बढ़ाया और मोदी तथा उनके अनुयायियों पर उनके विचारों को बदनाम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने आरोप लगाया कि मोदी पिछले 10 वर्षों में युवाओं को दो करोड़ नौकरियां देने और किसानों के बैंक खातों में 15 लाख रुपये जमा करने जैसे चुनावी वादे को पूरा करने में विफल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि श्री मोदी द्वारा भारी उधार लेने के कारण आने वाले वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अब भाजपा और श्री मोदी को यह चुनाव जीतने का भरोसा नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News