सुशील मोदी का आरोप- अपनों को बचाकर विरोधियों को फंसाते हैं नीतीश

punjabkesari.in Sunday, Mar 05, 2017 - 12:29 PM (IST)

पटना : बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने विपक्षी नेता का फर्ज निभाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर अपनों को बचाने और विरोधियों को फंसाने का आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि यही कारण है कि पुलिस जानबूझकर अब तक सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल जद (यू) के विधायक और बिहार कृषि विश्वविद्यालय में अनियमितता बरतने के आरोपी पूर्व कुलपति मेवालाल चौधरी, कांग्रेस नेता ब्रजेश पांडेय और व्यवसायी निखिल प्रियदर्शी को गिरफ्तार नहीं कर रही है।

दूसरी तरफ, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी और मोहनिया के तत्कालीन एसडीओ जितेंद्र गुप्ता तथा बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) के अध्यक्ष सुधीर कुमार को आधी रात को उनके घर पहुंचकर पुलिस गिरफ्तार करती है। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार बताए कि सेक्स स्कैंडल में शिकायत दर्ज होने के 70 दिन बाद भी आरोपी और चर्चित व्यवसायी निखिल प्रियदर्शी को पुलिस अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है। मोदी ने कहा कि उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की जांच के बाद विश्वविद्यालय में नियुक्ति मामले में अनियमितता बरतने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद जद (यू) विधायक मेवालाल चौधरी को खुला घूमने की छूट कैसी मिली हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News