सूडान हिंसाः 246 भारतीयों का दूसरा जत्था मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा, ऑपरेशन कावेरी के तहत अब तक 600 लोगों को निकाला गया
punjabkesari.in Thursday, Apr 27, 2023 - 04:37 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय वायुसेना का एक विमान हिंसाग्रस्त सूडान से 246 भारतीयों को लेकर बृहस्पतिवार को मुंबई में उतरा। एक अधिकारी ने बताया कि विमान जेद्दा से पूर्वाह्न लगभग 11 बजे रवाना हुआ था और यहां अपराह्न लगभग साढ़े तीन बजे उतरा। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने विमान के मुंबई के लिए रवाना होने से कुछ मिनट पहले ट्वीट किया, ‘‘जेद्दा से भारतीयों को तेजी से स्वदेश वापस लाने के हमारे प्रयास रंग ला रहे हैं।
इससे पहले बुधवार की आधी रात को 360 भारतीयों का पहला जत्था आज रात दिल्ली पहुंचा। यह अभियान सूडान की सेना और अर्द्धसैनिक बलों के बीच कुछ समय के लिए जारी संघर्षविराम के दौरान चलाया जा रहा है। भारतीय वायुसेना के दो परिवहन विमानों के जरिये सूडान से 256 भारतीयों को निकाला गया है। इससे पहले नौसेना के जहाज आईएनएस सुमेधा के माध्यम से इस हिंसाग्रस्त अफ्रीकी देश से 278 नागरिकों को निकाला गया था।
जेद्दा से पहला जत्था दिल्ली पहुंचा
अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सूडान से अब तक निकाले गए भारतीय नागरिकों की संख्या 534 हो गई है। सूडान से भारतीय नागरिकों को निकालने के अभियान ‘ऑपरेशन कावेरी' के तहत भारत ने जेद्दा में पारगमन सुविधा स्थापित की है जहां से भारतीयों को यहां लाया जाना है। बुधवार रात को एक व्यावसायिक विमान में जेद्दा से पहला जत्था दिल्ली पहुंचा।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे भारतीयों की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ‘‘भारत अपनों का स्वागत करता है। ऑपरेशन कावेरी के तहत पहली उड़ान नयी दिल्ली पहुंची और 360 भारतीय नागरिक अपनी सरजमीं पर उतरे।'' दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर सऊदी अरब की एयरलाइन सऊदिया से लोग उतरे तो उनके चेहरे पर मुस्कान देखी जा सकती थी। वे पिछले कुछ दिन से तनावपूर्ण हालात में जी रहे थे। कई लोग राहत के साथ हाथ हिलाते हुए देखे गये। इन लोगों में 19 केरल से हैं। केरल सरकार के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारत ने मंगलवार को हिंसाग्रस्त सूडान से अपने 278 नागरिकों के पहले जत्थे को आईएनएस सुमेधा के जरिये निकाला और वहां फंसे शेष भारतीयों के लिए जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई। इसके कुछ ही घंटे बाद भारतीय वायु सेना का परिवहन विमान सी130जे ‘पोर्ट सूडान' में उतरा ताकि और भारतीय नागरिकों को वहां से निकाला जा सके। इसके बाद अन्य सी130जे विमान से नागरिकों को निकाला गया। विदेश मंत्री एस जयशंकर के अनुसार, पहले सी130जे विमान के माध्यम से 121 नागरिकों को और दूसरे विमान से 135 लोगों को बाहर निकाला गया।
ज्ञात हो कि सूडान में करीब 3000 भारतीयों को निकालने के लिए अभियान शुरू किया गया है। इस बीच इंडिगो ने कहा कि उसने ‘ऑपरेशन कावेरी' के तहत जेद्दा तक अपनी चार्टर उड़ानों की सेवाओं की पेशकश की है। उसने बयान में कहा कि अभी तक किसी तरह की पुष्टि नहीं हुई है। बहरहाल, विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन निकासी अभियान पर नजर रखने के लिए जेद्दा पहुंच गए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया था कि सूडान से निकासी अभियान में भारतीय नौसेना का एक और जहाज आईएनएस तेग शामिल हो गया है।