EC ने निर्वाचन अधिकारियों को किसी भी परिस्थिति में स्ट्रांग रूम न खोलने के दिए कड़े निर्देश
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 02:51 PM (IST)
नेशनल डेस्क: निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को केरल के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचन अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए कि मतगणना से पहले किसी भी परिस्थिति में स्ट्रांग रूम न खोलें जाएं। केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर ने कोझिकोड के पेरामब्रा निर्वाचन क्षेत्र में ईवीएम रखने वाले एक स्ट्रांग रूम के सोमवार को खोले जाने की खबरों और पलक्कड़ के नेनमारा निर्वाचन क्षेत्र में एक और स्ट्रांग रूम खोले जाने की कथित योजनाओं के बाद यह निर्देश जारी किया।
ये भी पढ़ें- Liquor Price Hike: शराबियों को बड़ा झटका! इस राज्य में शराब पर लागू होगा 'नया टैक्स' फॉर्मूला
केलकर के कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया, ''यह लगातार कहा गया है कि किसी भी परिस्थिति में इंडेक्स कार्ड तैयार करने या ईएनसीओआरई पोर्टल में डेटा सत्यापित करने के उद्देश्य से किसी भी स्ट्रांग रूम या बिना सील वाले कमरे को खोला या उसमें प्रवेश नहीं किया जाए।'' बयान में कहा गया है, ''चुनावी प्रक्रिया की अखंडता, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।''
ये भी पढ़ें- PM मोदी का Jhalmudi Video बना Google Sensation, Searching में तोड़े 22 साल के Record, फिर से बने Trending
सोमवार को कोझिकोड जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि कोई भी स्ट्रांग रूम नहीं खोला गया। जिलाधिकारी स्नेहिल कुमार सिंह ने कहा था कि मतदान अभिलेखों के सत्यापन और अद्यतन के लिए उम्मीदवारों के एजेंटों की उपस्थिति में जेडीटी इस्लाम हायर सेकेंडरी स्कूल में एक बिना सील वाला "सामग्री कक्ष" खोला गया था। अधिकारी ने एक बयान में कहा था कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपीएटी को केंद्रीय पर्यवेक्षकों और उम्मीदवारों के एजेंटों की निगरानी में भवन की पहली मंजिल पर एक सीलबंद स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रूप से रखा गया था और उस कमरे को खोला नहीं गया। हालांकि, कांग्रेस और पार्टी नीत यूडीएफ के नेताओं ने आरोप लगाया था कि यह घटना चुनाव नियमों का उल्लंघन है। राज्य की 140 विधानसभा सीटों पर नौ अप्रैल को चुनाव हुआ था और मतगणना चार मई को होगी।
