''क्या पुलिस हमलावरों पर रसगुल्ले फेंकेगी?'', एनकाउंटर पर शुभेंदु अधिकारी ने किया पुलिस का बचाव

punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 08:49 PM (IST)

बंगाल । पश्चिम बंगाल में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार (9 नवंबर, 2026) को पुलिस कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों को आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि BJP सरकार ने दुष्कर्मियों, हत्यारों, नशा तस्करों और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

'क्या पुलिस हमलावरों का स्वागत रसगुल्लों से करेगी?'
समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा में मीडिया से बातचीत के दौरान पुलिस मुठभेड़ को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर आरोपी पर गोली नहीं चलाती, लेकिन जब कोई अपराधी पुलिसकर्मियों पर हमला करता है तो उन्हें आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा, 'क्या पुलिस हर आरोपी को गोली मार देती है? जब कोई पुलिस पर हमला करता है, तो वे आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हैं। क्या पुलिस को खुद पर हमला करने वालों का स्वागत रसगुल्लों से करना चाहिए? क्या पुलिस को अपनी पिस्तौल जेब में रखनी चाहिए?'

गंभीर अपराधों में कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति जरूरी नहीं
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार ने कुछ गंभीर अपराधों के मामलों में पुलिस को कार्रवाई करने की पूरी छूट दी है। उन्होंने बताया कि दुष्कर्म, हत्या, मादक पदार्थों की तस्करी और बांग्लादेश से अवैध घुसपैठ जैसे मामलों में पुलिसकर्मियों को कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि इन अपराधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पुलिस को कानून के दायरे में रहकर सख्त कदम उठाने का अधिकार है।

BJP सरकार बनने के बाद एनकाउंटर की चौथी घटना
मुख्यमंत्री का यह बयान उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2026 में पश्चिम बंगाल में BJP की सरकार बनने के बाद पुलिस मुठभेड़ में मौत का यह चौथा मामला है। इस घटना ने राज्य में पुलिस की कार्रवाई और अपराधियों के खिलाफ सरकार की सख्त नीति को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने भी किया पुलिस कार्रवाई का समर्थन
केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने भी राज्य सरकार के रुख का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि BJP सरकार ने यौन अपराधों और दुष्कर्म के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि ऐसे अपराधों में शामिल लोगों को कानून के मुताबिक सजा मिले। मजूमदार ने पुलिस की जवाबी कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा, 'अगर कोई अपराधी पुलिस पर गोली चलाता है, तो क्या पुलिस उस पर लड्डू फेंकेगी? वह भी जवाबी गोलीबारी करेगी।' इस मामले में मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के बयानों के बाद पश्चिम बंगाल में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और मुठभेड़ों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज होने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News