2030 तक एड्स खत्म करने में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए साझेदारी मजबूत करें : WHO
punjabkesari.in Thursday, Nov 30, 2023 - 12:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने विश्व एड्स दिवस के मौके पर दक्षिण पूर्व एशिया क्षेत्र और पूरी दुनिया में सदस्य देशों, भागीदारों और समुदायों का आह्वान किया है कि 2030 तक एड्स के उन्मूलन में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए साझेदारी मजबूत करते रहें और समुदायों को सशक्त बनाएं। WHO की दक्षिण-पूर्व एशिया की क्षेत्रीय निदेशक डॉ पूनम खेत्रपाल सिंह ने कहा कि दुनियाभर में करीब 3.9 करोड़ लोग HIV के साथ रह रहे हैं।
साल 2022 में करीब 13 लाख लोग HIV से ग्रस्त हुए थे और करीब 6,30,000 लोगों की एड्स से संबंधित कारणों से मृत्यु हो गई। दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में करीब 39 लाख लोग HIV ग्रस्त हैं जो दुनियाभर में इस बीमारी के शिकार लोगों का लगभग 10 प्रतिशत हैं। डॉ खेत्रपाल सिंह ने कहा कि पिछले साल 1,10,000 लोगों को HIV का संक्रमण हुआ था और क्षेत्र में 85,000 लोगों की एड्स से संबंधित कारणों से मृत्यु हो गई।
पिछले एक दशक में दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में HIV संक्रमण और इससे संबंधित मृत्यु के मामलों में उल्लेखनीय गिरावट के साथ इस दिशा में अच्छी प्रगति हुई। HIV संक्रमण के नए मामले 2010 में जहां दो लाख थे, वे 2022 में कम होकर 1,10,000 रह गए। इसी तरह 2010 में HIV से मौत के मामलों की संख्या 2,30,000 थी जो 2022 में घटकर 85,000 रह गई। सिंह के अनुसार, पूरे क्षेत्र में HIV संक्रमण के करीब 95 प्रतिशत नए मामले जोखिम वाले लोगों में हैं जिनमें यौन कर्मी, इंजेक्शन से नशा करने वाले लोग, पुरुषों के साथ यौन संबंध बनाने वाले पुरुष, ट्रांसजेंडर लोग और उनके माता-पिता शामिल हैं।
उनके मुताबिक, 2022 में क्षेत्र में HIV के नए मामलों में करीब एक चौथाई मामले युवाओं में देखे गए। दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र के अनेक देशों में HIV संक्रमण के नए मामलों में करीब आधे मामले युवाओं में पाए गए हैं। सिंह ने कहा कि एड्स के उन्मूलन की दिशा में तेजी से बढ़ने के लिए जोखिम वाले लोगों और HIV प्रभावित लोगों के समुदायों को इस दिशा में रणनीतियां तैयार करने में अधिक से अधिक शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वायरल हेपेटाइटिस, HIV और अन्य यौन संक्रमण के लिए एकीकृत क्षेत्रीय कार्य योजना के क्रियान्वयन में समुदायों को सशक्त करना जरूरी है।
उन्होंने कहा, ‘‘WHO अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्रवाई का आह्वान कर रहा है। नीति निर्माताओं और कार्यक्रम प्रबंधकों को इस तरह की पहलों का स्वागत करना चाहिए और सेवा आपूर्ति, नीतियों के विकास, सामुदायिक स्तर की निगरानी में सामुदायिक संगठनों तथा ऐसे लोगों की सार्थक साझेदारी सुनिश्चित करनी चाहिए जो HIV के साथ रह रहे हों।'' डॉ खेत्रपाल सिंह ने कहा, ‘‘हमें मिलकर सतत विकास लक्ष्यों, 2030 को प्राप्त करने के लिए प्रयास तेज करने चाहिए। विश्व एड्स दिवस पर WHO क्षेत्र और विश्व को ऐसा रूप देने की प्रतिबद्धता दोहराता है जहां एड्स कोई सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरा नहीं रहे और कोई भी व्यक्ति, समुदाय या आबादी पीछे नहीं रह जाए।''