महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र आज, विधायक लेंगे शपथ (पढ़ें 27 नवंबर की खास खबरें)
punjabkesari.in Wednesday, Nov 27, 2019 - 04:36 AM (IST)
नई दिल्ली/जालंधर (वेब डेस्क): महाराष्ट्र में कुछ दिनों से बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने विधायकों को बुधवार सुबह आठ बजे विधानसभा के विशेष सत्र के लिए आमंत्रित किया है। इससे पहले उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच श्री अजित पवार के पद त्यागने के कुछ घंटे बाद मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी एक प्रेस कांफ्रेंस में अपना इस्तीफा देने की घोषणा कर दी।

इसरो आज लॉन्च करेगा कॉर्टोसैट-3 उपग्रह
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) आज सुबह 9.28 मिनट पर यानी 26 घंटे बाद कार्टोसैट-3 सैटेलाइट को लॉन्च करेगा। इस सैटेलाइट को श्रीहरिकोटा में स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से पीएसएलवी-सी47 के जरिए लॉन्च किया जाएगा। पहले इसे 25 नवंबर को लॉन्च करने के लिए शेड्यूल किया गया था। लेकिन, अज्ञात कारणों से इसरो ने इसकी लॉन्चिंग की तारीख को बदल दिया। इसके साथ 13 अमेरिकी सैटेलाइट भी होंगे।

आज संसद में पेश होगा औद्योगिक संबंध संहिता विधेयक
श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार आज औद्योगिक संबंध संहिता, 2019 पेश करेंगे। यह बिल मंगलवार को सदन के पटल पर रखा जाना था। लेकिन विपक्ष ने यह कहते हुये आपत्ति की कि सदस्यों को विधेयक की प्रति उपलब्ध नहीं कराई गयी है। उन्होंने यह भी मांग की कि यह बड़ा विधेयक है और इसलिए इसे संसद की स्थायी समिति के पास भेजा जाना चाहिये। बिरला ने व्यवस्था देते हुये विधेयक बुधवार को पेश करने का निर्देश दिया।

भाजपा झारखंड में आज जारी करेगी घोषणापत्र
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणा पत्र बुधवार को जारी किया जायेगा। भाजपा प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी के वरिष्ठ पार्टी नेता एवं केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद पार्टी का संकल्प पत्र बुधवार को सुबह दस बजे यहां जारी करेंगे। उन्होंने बताया कि उनके अलावा कल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और जनसभाओं को सम्बोधित करेंगे।
