Indigo की फ्लाइट में उठा धुआं, टॉयलेट का दरवाजा खोलकर देखा तो हैरान रह गए क्रू मैंबर्स

punjabkesari.in Tuesday, Aug 06, 2019 - 04:06 PM (IST)

मुंबई: इंडिगो की अबू धाबी से मुंबई जा रही उड़ान में अचनाक धुआं उठने से सब डर गए। क्रू मैंबर्स ने पूरी जांच की तो धुआं विमान के शौचालय से आता दिखाई दिया। जब क्रू मैंबर्स शौचालय की तरफ गए तो दरवाजा खोला तो उनके होश उड़ गए। दरअसल एक युवक विमान के टॉयलेट में सिगरेट के कश ले रहा था और यह धुआं उसी का था। उड़ान में धूम्रपान करने के आरोप में 27 साल के एक यात्री को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को इस बारे में बताया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शशिकांत माने ने बताया कि मामले का पता तब चला जब सोमवार को उड़ान के दौरान विमान के शौचालय में सिगरेट जलाने के कारण धुआं अलार्म बजने लगा।

 

आरोपी की पहचान तुषार चौधरी के तौर पर हुई। उन्होंने बताया कि विमान के कर्मचारी शौचालय के पास पहुंचे और दरवाजा खोलने की कोशिश की लेकिन अंदर से वह बंद था। माने ने बताया कि दरवाजा खटखटाने के बावजूद चौधरी बाहर नहीं आया। इसके बाद एक चाबी से इसे खोला गया तो यात्री सिगरेट पीता हुआ मिला। विमान के मुंबई पहुंचने पर पुलिस ने चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अधिकतर वाणिज्यिक विमानों में यात्रा के दौरान सिगरेट या ऐसा कुछ भी जलाना प्रतिबंधित है, जिससे धुआं निकलता हो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News