अहमदाबाद में ऑनर किलिंग का खौफनाक मामला, पिता-भाई ने 22 साल की बेटी को उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 08:37 AM (IST)

अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद से ऑनर किलिंग का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। सरखेज इलाके में रहने वाली 22 वर्षीय सोफिया फारूक की उसके ही सगे पिता और भाई ने बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को दुर्घटना का रूप देने के लिए आरोपियों ने पूरी साजिश रची, लेकिन पुलिस की सतर्कता से पूरे सच का पर्दाफाश हो गया।

एम डिवीजन ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर यू बी ढाकडा ने बताया कि आरोपियों की पहचान 56 साल के मोहम्मद फारूक नवाबखान और 38 साल के हाबिल फारूक के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि फैब्रिकेशन का काम करने वाले इन दोनों ने कथित तौर पर सोफिया को सरखेज में घेलजीपुरा के पास एक सुनसान जगह पर ले जाकर हथौड़े से हमला किया और फिर हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप दे दिया। सोफिया जुहापुरा के एक अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट का काम करती थी। शुरुआत में यह हिट-एंड-रन का मामला लग रहा था। पुलिस को बताया गया कि 12 अगस्त की रात सोफिया हाबिल के साथ मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी थी, तभी समृद्धि डेयरी के पास पीछे से एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

उसके सिर के पिछले हिस्से और पैरों में गंभीर चोटें आईं और उसे सोला सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां 13 अगस्त को उसे मृत घोषित कर दिया गया। ढाकडा ने कहा, "जांच से पता चला कि दुर्घटना की कहानी पुलिस को गुमराह करने के लिए बनाई गई थी।" बाद में पुलिस को पता चला कि आरोपी कथित तौर पर सोफिया को मोटरसाइकिल पर घेलजीपुरा गांव के पास एक सुनसान इलाके में ले गए थे। पुलिस ने बताया कि हाबिल ने अपनी पैंट में लोहे का हथौड़ा छिपा रखा था।

ढाकडा ने कहा, "सोफिया और एक युवक का वीडियो करीब तीन महीने पहले वायरल हुआ था, जिसके बाद उसके पिता और भाई ने उसे डांटा था और दूसरे लड़कों के साथ उसकी बातचीत पर आपत्ति जताई थी।" दोनों ने कथित तौर पर सोफिया के खिलाफ नाराजगी पाल ली और उसकी हत्या की योजना बनाई। उनका कहना था कि वे समाज में परिवार की प्रतिष्ठा बनाए रखना चाहते थे।

पुलिस का आरोप है कि सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद हाबिल ने हथौड़े से सोफिया के सिर पर तीन बार वार किया, जबकि फारूक ने उसका साथ दिया। इसके बाद उसे एक सार्वजनिक सड़क पर ले जाया गया, जहां आरोपियों ने ऐसा दिखाया कि किसी अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी है। ढाकडा ने कहा, "आरोपियों ने अज्ञात वाहन के बारे में झूठी शिकायत दर्ज कराई और जांच को गुमराह करने के लिए दुर्घटना की फर्जी कहानी गढ़ी।" पिता-पुत्र की इस जोड़ी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News