भगवान ऐसी औलाद किसी को न दें... प्रापर्टी के लालच में दोनों बेटों ने बीच सड़क पर बुज़ुर्ग माता-पिता को लाठियों से पीटा
punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 04:00 PM (IST)
पुणे: जिस उम्र में माता-पिता को सहारे और देखभाल की ज़रूरत होती है, उसी उम्र में उनका अपना ही खून जब उन पर लाठियां बरसा दें तो दिल से सिर्फ एक ही बात निकलती है कि भगवान ऐसी औलाद किसी को न दें... दरअसल, पुणे ज़िले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां ज़मीन के एक टुकड़े के लालच में दो कलयुगी बेटों ने अपने माता-पिता को बुरी तरह पीटा।
पुणे ज़िले में गांव की खुली सड़क पर दो भाइयों ने अपने बुज़ुर्ग माता-पिता को लाठियों से बुरी तरह पीटा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 30 अगस्त की शाम की है। 65 वर्षीय तुकाराम किसान राउत और उनकी पत्नी अंजना रोज़ की तरह शाम को टहलने निकले थे। इसी दौरान उनके दोनों बेटे-संजय राउत और राजेंद्र राउत-कार में सवार होकर आए और गांव की सड़क पर अपने माता-पिता का रास्ता रोक लिया।
Two sons allegedly assaulted their elderly parents with wooden sticks in Indapur, Pune district, over a land dispute. A video of the shocking assault, which left the couple injured, has surfaced. Indapur police have registered a case against the sons. pic.twitter.com/tZ5Fcuu6IW
— Varad Bhatkhande | Journalist (@VaradBhatkhande) September 2, 2026
पुलिस ने बताया कि बेटे इस बात से नाराज़ थे कि उनके पिता ने उनकी मां की ज़मीन बेचने का फ़ैसला किया था। इसके बाद बहस हुई, जिसमें आरोपियों ने अपने माता-पिता को अपशब्द कहे और ज़मीन का सौदा रद्द करने की मांग की। तो बहस हाथापाई और हिंसा में बदल गई। दोनों भाइयों ने पास में रखे लकड़ी के डंडों से अपने बुज़ुर्ग माता-पिता पर हमला कर दिया। 65 वर्षीय तुकाराम के चेहरे, पीठ, जांघों और बाएं कंधे पर लाठियों के सीधे वार से गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आई अंजना देवी को भी बेटों ने नहीं बख्शा। उनके वार से मां की कलाई और कमर में चोट आई है।
सड़क पर चल रहे इस हंगामे और मारपीट को देखकर इलाके के लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी माता-पिता को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बाद में घायल जोड़े को इलाज के लिए इंदापुर सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले जाया गया। तुकाराम की शिकायत के आधार पर दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
