माल्या की गिरफ्तारी पर सिसोदिया की मीडिया को सलाह, जरूर पढ़ लें रागदरबारी

punjabkesari.in Wednesday, Apr 19, 2017 - 10:51 AM (IST)

नई दिल्ली: किंगफिशर के प्रमुख विजय माल्या को वेस्टमिंस्टर मैजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां से गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों के भीतर उन्हें ज़मानत मिल गई। माल्या पर भारतीय बैंकों का 9 हजार करोड़ रुपए का कर्ज न चुकाने का आरोप है। वहीं जैसे ही माल्या की गिरफ्तारी की खबर आई दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पत्रकारों को खरी खोटी सुना दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि 'सुनवाई के लिए कोर्ट गए आदमी को गिरफ्तार बताकर, मोदी आरतियां-चालीसाएं लिखने वाले पत्रकारों को एक बार रागदरबारी ज़रूर पढ़ लेना चाहिए। सिसोदिया के गुस्से से साफ जाहिर हो रहा था कि वे पत्रकारों को चाटुकार बता रहे हैं। अपने ट्वीट में सिसोदिया ने कहा कि माल्या को गिरफ्तार नहीं किया गया। वह केवल कोर्ट में पेशी के लिए आए थे और मीडिया उन्हें गिरफ्तार बता रहा है।
 

वहीं माल्या ने भी भारतीय मीडिया की मसले को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने के लिए आलोचना की है। माल्या ने अपने ट्वीट में कहा था कि प्रत्यर्पण के लिए कोर्ट में केस शुरू हुआ जैसा की उम्मीद थी। जानकारी के मुताबिक माल्या ने बाकायदा जमानत ली है। जमानत की जरूरत भी उन्हें इस मामले में गिरफ्तारी के बाद पड़ी। खुद लंदन की स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस ने ट्वीट कर यह जानकारी भी दी थी। पुलिस ने बताया कि भारतीय अधिकारियों की प्रत्यर्पण संबंधी अपील पर यह कार्रवाई हुई है।

उल्लेखनीय है कि प्रत्यर्पण प्रक्रिया की शुरुआत भी भारत की कानूनी एजेंसियों के लिए एक बड़ा कदम है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक वित्त मंत्री ने ब्रिटिश सरकार के सामने यह मसला उठाया था। दोनों देशों में प्रत्यर्पण संधि है। 2 मार्च 2016 को भारत से निकल भागने वाले विजय माल्या पर अलग-अलग बैंकों के 9400 करोड़ रुपए बकाया है। उनका पासपोर्ट रद्द हो चुका है और उनके नाम गैरजमानती वारंट है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News