''कांग्रेस के शासन में भी 10 बार हुआ SIR'', प्रल्हाद जोशी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 06:26 PM (IST)

जयपुरः केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया का बचाव करते हुए शनिवार को कहा कि देश में 10 बार कांग्रेस के शासनकाल में भी एसआईआर हुई थी। उन्होंने सत्ता परिवर्तन की बात करने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि देश में सत्ता परिवर्तन का एकमात्र संवैधानिक व लोकतांत्रिक तरीका चुनाव है।

यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्होंने कहा,"देश में एसआईआर अब तक 12 बार हो चुका है। 10 एसआईआर कांग्रेस के शासनकाल में हुए। पहले कांग्रेस को इस पर कोई आपत्ति नहीं थी लेकिन आज राजनीतिक हताशा में राहुल गांधी और उनकी पार्टी इसका विरोध कर रहे हैं।" केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूट गया है तो वह फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दोबारा जुड़वा सकता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मांग करते है कि मतदाता सूची एसआईआर से पहले की तरह रखी जाए, ये मांग 'बेवकूफियों की पराकाष्ठा' है। उन्होंने कहा," भारतीय मतदाता कांग्रेस को नकार चुका है, इसलिए वब चाहती है घुसपैठियों का नाम पहले मतदाता सूची में जुड़वा दिया जाए और उन्हें सारी सुविधाएं देने के बहाने सत्ता में आ जाए।'

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कुछ लोग खुले तौर पर सत्ता परिवर्तन की बात कर रहे हैं। जोशी ने कहा,"भारत में सत्ता परिवर्तन का एकमात्र संवैधानिक व लोकतांत्रिक रास्ता चुनाव है। भारत का लोकतंत्र हमारे डीएनए में, हमारी परंपरा और संस्कारों में रचा-बसा है। देश की जनता अपने मताधिकार से सरकार चुनने में पूरी तरह सक्षम है।" 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News