घुसपैठियों के समर्थन से चुनाव जीतना चाहती है कांग्रेस, इसलिए SIR का विरोध कर रही है : नड्डा

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 09:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता जे.पी. नड्डा ने शुक्रवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) का विरोध इसलिए कर रही है, क्योंकि वह घुसपैठियों के समर्थन से चुनाव जीतकर सरकार बनाना चाहती है।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत एक रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव वोटों से जीते जाते हैं, न कि सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन करके। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोगों को गुमराह करने के बजाय उनका भरोसा जीतने की सलाह दी। नड्डा ने इस मुद्दे को देश की चिंता करने वाले देशभक्त लोगों और उन लोगों के बीच की लड़ाई बताया, जो कथित तौर पर घुसपैठियों के समर्थन से देश चलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वोट चोरी के आरोप लगाने के बजाय लोगों का भरोसा जीतने पर ध्यान देना चाहिए। मतदाता किसी पार्टी को उसके शासन के रिकॉर्ड के आधार पर ही नकारते हैं। चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ''लोगों का दिल जीतना सीखें और उनके बीच जाएं।''

निर्वाचन आयोग और एसआईआर प्रक्रिया का बचाव करते हुए नड्डा ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां 90 करोड़ से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। यहां की चुनाव प्रबंधन प्रणाली की वैश्विक स्तर पर सराहना की जाती है। उन्होंने बस्तर के चांदामेटा गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि माओवादी हिंसा के कारण वहां 2023 तक मतदान नहीं हो सका था। सुरक्षा की स्थिति में सुधार के बाद गांव में एक मतदान केंद्र बनाया गया और करीब 300 लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि चुनाव अधिकारियों ने मतदान कराने के लिए कई किलोमीटर की दूरी पैदल तय की। नड्डा ने विपक्षी दलों पर अपने राजनीतिक स्वार्थ साधने के लिए चुनाव आयोग और उच्चतम न्यायालय जैसी संवैधानिक संस्थाओं को डराने-धमकाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष चुनाव हारने पर हमेशा निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाता है, लेकिन जीतने पर इसका श्रेय खुद लेता है। उनके मुताबिक, चुनावी नतीजों को लेकर कांग्रेस का यही रवैया रहा है। नड्डा ने 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि आपातकाल के दौरान करीब 1.30 लाख लोगों को बिना किसी आरोप के दो साल तक जेल में रखा गया था। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजों ने भी उतने लोगों को जेल में नहीं डाला था, जितने लोगों को इंदिरा गांधी ने आपातकाल के दौरान जेल में डाल दिया था।

भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम हटाए जाने की बात कर रहा है। इनमें करीब तीन करोड़ ऐसे मतदाता थे, जो संबंधित स्थानों पर मौजूद नहीं थे, 6.30 करोड़ के मतदान स्थल बदल गए थे, एक करोड़ दोहरी प्रविष्टियां थीं और 2.80 करोड़ मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि पात्र लोग अब भी मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म जमा कर सकते हैं। एसआईआर की जरूरत पर बल देते हुए नड्डा ने कहा कि बांग्लादेश की सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के नौ जिलों में मतदाताओं की संख्या 70 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत से भी अधिक तक बढ़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में मतदाताओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी के पीछे घुसपैठियों की मौजूदगी है।

नड्डा ने कहा कि विपक्ष को एसआईआर प्रक्रिया से परेशानी है, क्योंकि इसका मकसद मतदाता सूची से घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें हटाना है, जबकि विपक्ष सरकार बनाने के लिए इन्हीं घुसपैठियों पर निर्भर रहना चाहता है। उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत में किसी भी विदेशी या अयोग्य व्यक्ति को वोट देने का अधिकार नहीं है। क्या यह देश कोई धर्मशाला है, जहां कोई भी आ सकता है और अपनी मर्जी से वोट डाल सकता है।'' इस रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, पार्टी के विधायक, सांसद और अन्य नेता भी मौजूद थे। बाद में नड्डा ने दुर्ग में महेश कॉलोनी से गंजपारा चौक तक निकाली गई पदयात्रा में भी हिस्सा लिया। यह पदयात्रा भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान का हिस्सा थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News