कनाडा में महिला ने सिख सिक्योरिटी गार्ड पर की नस्लीय टिप्पणी, दाढ़ी पकड़ी तो पड़ा जबरदस्त थप्पड़ (Video)
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 05:10 PM (IST)
International Desk: कनाडा के सस्केचेवान प्रांत में एक ग्रॉसरी स्टोर के भीतर सिख सिक्योरिटी गार्ड और एक महिला ग्राहक के बीच हुई झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के दौरान महिला और सुरक्षा गार्ड के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में शारीरिक टकराव में बदल गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब महिला ने कथित तौर पर स्टोर के नियमों का उल्लंघन किया और सामान को अस्त-व्यस्त करने लगी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जब सिख सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोका, तो महिला ने बहस शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान महिला ने गार्ड की पगड़ी और दाढ़ी की ओर हाथ बढ़ाया और अपमानजनक व नस्लीय टिप्पणियां कीं।
🇨🇦👋 Security guard slaps woman in the face after she hit him in Prince Albert, Saskatchewan. pic.twitter.com/Mx8jTWJdrq
— YEGWAVE (@yegwave) February 6, 2026
इस पर गुस्से में आकर सिक्योरिटी गार्ड ने महिला को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद स्टोर में मौजूद अन्य ग्राहकों ने इसका विरोध किया और पुलिस को सूचना दी गई। प्रिंस अल्बर्ट पुलिस ने स्टोर से सीसीटीवी फुटेज जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने तक संबंधित सिक्योरिटी गार्ड को निलंबित कर दिया गया है।पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गार्ड की कार्रवाई हमला थी या आत्मरक्षा में उठाया गया कदम। वहीं, इस घटना ने कनाडा में कार्यस्थलों पर नस्लीय तनाव और सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार को लेकर बहस छेड़ दी है।
घटना के बाद स्थानीय मानवाधिकार संगठनों ने सुरक्षा गार्ड्स के लिए बेहतर प्रशिक्षण और तनाव प्रबंधन कोर्स की मांग की है। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर राय बंटी हुई है कुछ लोग गार्ड के समर्थन में इसे आत्मरक्षा और धार्मिक सम्मान से जुड़ा मामला बता रहे हैं, जबकि अन्य लोग हिंसा को गलत ठहरा रहे हैं। सस्केचेवान प्रशासन ने बढ़ती हिंसक घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों के प्रशिक्षण और कार्य घंटे की समीक्षा के निर्देश दिए हैं।
