माल्या विवाद में जेतली को मिला शिवसेना का साथ, कहा- कांग्रेस के आरोप ‘हास्यास्पद’

punjabkesari.in Sunday, Sep 16, 2018 - 12:24 AM (IST)

नेशनल डेस्क: शिवसेना ने विजय माल्या के दावे को लेकर वित्त मंत्री अरुण जेतली के खिलाफ कांग्रेस के आरोपों को ‘हास्यास्पद’ बताया। देश से भागने से पहले जेतली से मुलाकात करने संबंधी माल्या के दावे को लेकर कांग्रेस ने वित्त मंत्री पर निशाना साधा था। शिवसेना ने कहा कि यदि कांग्रेस उनकी बैठक के बारे में जानती थी, तो वह इतने वर्षों तक चुप क्यों रही? उन्होंने कहा कि यह विवाद 2019 के आम चुनाव की तैयारी का एक हिस्सा है।
 PunjabKesari

कांग्रेस नेता का दावा बेबुनियाद
पार्टी ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में एक संपादकीय में कहा कि माल्या झूठा है, उसके बयान के आधार पर जेतली को मामले में एक आरोपी बनाने की क्या जरूरत है? लेकिन कांग्रेस ने ऐसा किया है। माल्या कई करोड़ रुपए का कर्ज चुकाये बिना देश छोड़कर भाग गया। हालांकि, उसने एकमुश्त निपटान किए जाने का प्रयास किया, लेकिन इसके लिए बैंक तैयार नहीं थे। संपादकीय में कहा गया कि बैंक माल्या की पेशकश के लिए तैयार नहीं थे और इसलिए उन्होंने संसद में वित्त मंत्री से मुलाकात की। खुद के सांसद रहते माल्या को संसद परिसर में घूमने का अधिकार था। इसलिए कांग्रेस नेता पीएल पुनिया का यह आरोप कि जेतली भी मामले में आरोपी हैं, पूरी तरह से हास्यास्पद है।

PunjabKesari
राहुल गांधी पर उठाए सवाल 
शिवसेना ने कहा कि माल्या केवल अकेला नहीं है, जिसने कर्ज की अदायगी नहीं की है। कर्ज नहीं चुका पाने वाले इस तरह के कई लोग हैं जो सांसद के रूप में खुलेआम घूम रहे है। पार्टी ने पूछा कि अब यह प्रकाश में आया है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भगोड़ा हीरा कारोबारी नीरव मोदी के एक पारिवारिक समारोह में मौजूद थे। इसलिए क्या कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी को उनके भागने के लिए दोषी ठहराया जाना चाहिए? 

PunjabKesari
माल्या के बयान पर छिडा विवाद 
गौरतलब है कि माल्या ने दावा किया था कि वह भारत से रवाना होने से पहले वित्त मंत्री से मिला था। हालांकि, जेतली ने माल्या के बयान को झूठा करार देते हुए कहा था कि उन्होंने उसे कभी मिलने का समय नहीं दिया था। शिवसेना ने कहा कि बोफोर्स मामले में आरोपी इतालवी नागरिक ओतावियो क्वात्रोच्चि भारत सरकार और सीबीआई की मदद के बिना भारत से नहीं भाग सकता था। क्वात्रोच्चि 1993 में भारत से भाग गया था और कभी लौटकर नहीं आया। उसने खुद के खिलाफ दायर मामलों में कभी भी सुनवाई का सामना नहीं किया। उसकी जुलाई 2013 में मौत हो गई थी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News