बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना आज पीएम मोदी के साथ करेंगी द्विपक्षीय बैठक, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, Sep 06, 2022 - 05:36 AM (IST)

नेशनल डेस्कः बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगी। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात करेंगी। इस मुलाकात के बाद दोनों पक्षों के रक्षा, व्यापार और नदी जल बंटवारे सहित प्रमुख क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर करने की संभावना है। हसीना ने पिछली बार अक्टूबर 2019 में नई दिल्ली की यात्रा की थी। 

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें- 

CM अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करेंगे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
सीएम नीतीश कुमार दिल्ली में मंगलवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करेंगे. सीएम नीतीश कुमार आप मुखिया केजरीवाल से दोपहर 1.30 बजे मुलाकात करेंगे. सीएम नीतीश कुमार का दिल्ली दौरा मिशन 2024 के लिए है और वह विपक्षी पार्टियों के नेताओं से मुलाकात करने के लिए दिल्ली आए हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर केजरीवाल सरकार को बर्खास्त करने की मांग करेंगे भाजपा विधायक 
दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार को बर्खास्त करने के लिए अब भाजपा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से गुहार लगाने का फैसला किया है। दिल्ली भाजपा के सभी विधायक मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उनसे दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार को बर्खास्त करने की मांग करेंगे।

विपक्षी एकजुटता के प्रयास के तहत नीतीश ने राहुल से की मुलाकात 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से यहां मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि दोनों नेताओं ने मौजूदा राजनीतिक हालात और विपक्षी एकजुटता की दिशा में आगे बढ़ने को लेकर बात की। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का साथ छोड़ने और राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस एवं वाम दलों के साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाने के बाद नीतीश पहली बार दिल्ली पहुंचे। 

आज मुंबई में होगा साइरस मिस्त्री का अंतिम संस्कार
उद्योगपति और टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस पलोनजी मिस्त्री का अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह यहां किया जाएगा। उनके परिवार के एक सदस्य ने सोमवार को यह जानकारी दी। मिस्त्री (54) की रविवार को मुंबई से 120 किलोमीटर दूर पालघर के पास एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनका अंतिम संस्कार वरली शवदाहगृह में किया जाएगा। 

थल सेना प्रमुख जनरल पांडे ने अपने नेपाली समकक्ष जनरल शर्मा से मुलाकात की 
भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने सोमवार को यहां सेना मुख्यालय में अपने नेपाली समकक्ष जनरल प्रभु राम शर्मा से मुलाकात की और उन्हें विभिन्न गैर-घातक सैन्य साजोसामान सौंपे। जनरल पांडे रविवार को पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर यहां पहुंचे। अपनी इस यात्रा के दौरान वह देश के शीर्ष नागरिक और सैन्य नेतृत्व के साथ विस्तृत बातचीत करेंगे और दोनों पड़ोसी देशों के बीच के रक्षा संबंधों को मजबूत बनाने पर जोर देंगे।

दिल्ली: बदल जाएगा राजपथ का नाम....अब बोलिए 'कर्तव्य पथ', मोदी सरकार का बड़ा फैसला
केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में स्थित ऐतिहासिक राजपथ और राष्ट्रपति भवन से लेकर इंडिया गेट तक फैले सेंट्रल विस्टा लॉन का नाम बदलकर ‘कर्तव्यपथ' करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद मोदी आठ सितंबर की शाम को पूरे क्षेत्र का उद्घाटन करेंगे, जिसका सरकार की महत्वाकांक्षी सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत पुनरुद्धार किया गया है। 

तेलंगानाः केसीआर का किसानों के लिए बड़ा ऐलान, 2024 में केंद्र में बनी सरकार तो मिलेगा मुफ्त बिजली-पानी 
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने सोमवार को यहां एक जनसभा में कहा कि 2024 में केन्द्र में नई सरकार का गठन होगा और पूरे देश के किसानों को बिजली और पानी मुफ्त मिल सकेगा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार को किसानों विरोधी बताते हुए कहा कि अगले चुनाव में सरकार बदलेगी और नई सरकार पूरे देश के किसानों के हित में काम करेगी।  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News