''निर्मला सीतारमण वित्त मंत्री ही नहीं, ''लुप्त मंत्री'' भी हैं, काम के समय गायब रहती हैं'': कांग्रेस

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 05:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस ने राहुल गांधी पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा किए गए पलटवार के बाद बुधवार को उन पर तीखा हमला बोला और दावा किया कि वह एक 'लुप्त मंत्री' हैं क्योंकि काम के समय गायब रहती हैं और जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सवाल पूछते हैं तब सामने आती हैं। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह आरोप भी लगाया कि मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण आज अर्थव्यवस्था भंवर में फंस गई है। दरअसल, वित्त मंत्री सीतारमण ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर मंगलवार को पलटवार करते हुए कहा था कि वर्ष 2014 से 'सरकार अपनी नीतियों और कदमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र की सेवा कर रही है।' उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में राहुल गांधी के आरोपों पर कहा, ''क्या 58 करोड़ जनधन खाते अदाणी/अंबानी के लिए हैं? 57 करोड़ मुद्रा ऋण खाते …किसके लिए हैं?'' राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में मंगलवार को भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि देश में आर्थिक तूफान आने वाला है और जब तक मौजूदा सरकार नहीं बदलती, महंगाई बढ़ती रहेगी।  

PunjabKesari

 खेड़ा ने वित्त मंत्री पर निशाना साधते हुए संवाददाताओं से कहा, ''मोदी सरकार के मंत्री काम के समय गायब रहते हैं और राहुल गांधी को जवाब देने के लिए सामने आते हैं। राहुल गांधी सवाल पूछ देते हैं तो वे जाग जाते हैं। इसी कड़ी में देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कल रात ट्वीट किया और जनधन खातों, मुद्रा योजना से जुड़ी उपलब्धियां गिनाईं।'' उन्होंने कहा, '' निर्मला सीतामंत्री वैसे तो वित्त मंत्री हैं, लेकिन लुप्त मंत्री हैं। सरकार लखपति दीदी की बात करती है, लेकिन देश की करोड़ों महिलाएं पूछ रही हैं कि आप (सीतारमण) लापता दीदी क्यों हो जाती हैं?'' खेड़ा ने वित्त मंत्री द्वारा रखे गए आंकड़ों पर प्रतिवाद करते हुए कहा, ''58 करोड़ जनधन खातों में से 15 करोड़ यानी 26 प्रतिशत से ज्यादा खाते निष्क्रिय पड़े हैं। साथ ही, 62 प्रतिशत खातों में 1,000 रुपए से कम रकम है।

PunjabKesari

मुद्रा योजना में एनपीए 10 प्रतिशत से ऊपर हो चुका है, यानी कोई जवाबदेही नहीं बची है।'' उन्होंने दावा किया कि पीएम इंटर्नशिप योजना में महज 7.34 प्रतिशत लोगों ने पहले चरण की इंटर्नशिप पूरी की और 41 प्रतिशत लोगों ने इंटर्नशिप बीच में ही छोड़ दी तथा पीएम इंटर्नशिप योजना का बजट साल 2025-26 में सिर्फ 0.6 प्रतिशत ही इस्तेमाल हुआ है। खेड़ा का कहना था, ''2014 में जो एलपीजी 414 रुपये में मिल रहा था, वो आज 915 रुपये का हो गया है, यानी 121 प्रतिशत की बढ़त हुई है।'' उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा, ''नरेन्द्र मोदी की एक आदत है कि ये गोलपोस्ट बदल देते हैं। पहले 60 दिन मांगे, फिर 60 महीने और अब कहते हैं कि 2047 तक का समय दो। प्रधानमंत्री मोदी 2047 के सपने दिखाएंगे, लेकिन बीच के आंकड़े नहीं बताएंगे।'' कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले दो महीनों में देश के विदेशी मुद्रा भंडार में 38 अरब डॉलर की कमी आई है, अमेरिका के साथ व्यापार समझौता होने के कारण भारत का व्यापार अधिशेष (ट्रेड सरप्लस) नौ अरब डॉलर तक गिर गया तथा पिछले कुछ महीने में भारतीय अर्थव्यवस्था से दो लाख करोड़ रुपये का निवेश निकाल लिया गया है।'' खेड़ा ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने अर्थव्यवस्था को भंवर में फंसा दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News