राहुल गांधी ने NSUI की पदाधिकारी को बताया ''कांग्रेस की शेरनी''

punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 06:52 PM (IST)

नई दिल्ली । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कुछ पदाधिकारियों से बुधवार को मुलाकात की और पुलिस कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर घायल हुईं संगठन की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला को ''कांग्रेस की शेरनी'' बताया। एनएसयूआई के अनुसार, उसके कार्यकर्ता मंगलवार को ''वोट चोरी'' के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे थे और इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग करके कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। 

राहुल एनएसयूआई के उन प्रदर्शनकारियों के साथ मीडिया से मुखातिब हुए, जिन्हें दिल्ली में मंगलवार को पुलिस द्वारा कथित तौर पर पीटे जाने के कारण चोट आई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला से कहा, ''ये कांग्रेस की शेरनी हैं, किसी से डरेंगी नहीं।'' इस मौके पर बराला ने कहा कि वह डरने वाली नहीं हैं तथा अन्याय के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगी। धर्मेंद्र नामक युवक ने दावा किया कि हिरासत में पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट की, और उन लोगों से कहा गया कि ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि वे प्रदर्शन करना भूल जाएंगे। 

उन्होंने कहा, ''मैं कई दिन से चुप था, रो रहा था, लेकिन जब से राहुल गांधी जी से मिला हूं, तब से चेहरे पर खुशी है। उन्होंने मुझसे कहा कि डरना नहीं है, तुम हमारे शेर हो।'' धर्मेंद्र ने दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने उससे पूछा था कि क्या वह मुसलमान है जो प्रदर्शन में शामिल हुआ है? उसने सवाल किया, ''क्या मुसलमान हैं तो प्रदर्शन नहीं कर सकते? हम डरने वाले नहीं हैं।'' कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने लेडी हाडिंग अस्पताल जाकर एनएसयूआई के उन पदाधिकारियों से मुलाकात की, जिनका उपचार हो रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News