अमेरिका के बाद सर्जिकल स्ट्राइक करने वाला भारत दूसरा देश: शाह

punjabkesari.in Saturday, Sep 16, 2017 - 01:56 PM (IST)

रांची: तीन दिन के रांची दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं, देश की स्थिति में बदलाव आया है। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। शाह ने कहा कि अमेरिका के बाद भारत दुनिया का दूसरा देश है जो किसी दूसरी देश की सीमा में घुस कर अपनी सुरक्षा के लिए सर्जिकल स्ट्राइक कर सकता है, आज पूरी दुनिया हमारा लोहा मानती है।

म्यांमार में हरसंभव सहायता कराई जाएगी मुहैय्या 
शाह ने कहा कि भारत सरकार रोहिंग्या मुस्लिमों को म्यांमार में ही हरसंभव सहायता मुहैय्या करायी जाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि देश में विपक्ष कमजोर हो रहा है, तो इसे मजबूत करने का काम भाजपा का नहीं है, बल्कि विपक्ष को ही अपनी स्थिति मजबूत करनी होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन साल की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि इस अवधि में देश से जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को उखाड़ फेंका गया है तथा योग के माध्यम से भारतीय संस्कृति को दुनियाभर में पहुंचाया गया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड में पहली बार स्थिर सरकार बनी है और मुख्यमंत्री रघुवर दास की अगुवाई वाली भाजपा सरकार विकास को गति देने काम कर रही है। उन्होंने रघुवर सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि उनके राज्य के हर कोने में विकास को पहुंचाया है तथा प्रदेश में समविकास को गति दे रहे है। केंद्र ने भी झारखंड के विकास में भरपूर योगदान किया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News