UP निकाय चुनाव की जीत पर बोले शाह- गुजरात में होंगे इससे भी बड़े परिणाम

punjabkesari.in Saturday, Dec 02, 2017 - 12:33 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश निकाय चुनावों में पार्टी की जबरदस्त जीत के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि गुजरात में इससे भी कहीं बड़े परिणाम आने वाले हैं। शाह ने सोमनाथ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 18 दिसंबर को गुजरात का जो चुनाव परिणाम आएगा, उसकी यूपी के निकाय चुनाव के नतीजों से कोई तुलना नहीं की जा सकती। भाजपा अध्यक्ष इन दिनों गुजरात विधानसभा चुनाव के सिलसिले में राज्य भर में दौरा कर रहे हैं और पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति पर मंथन कर रहे हैं।

यूपी में भाजपा का झंडा ऊंचा 
शाह ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश नगर निगम चुनाव में उन्हे एक भी सीट नहीं मिली। वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा का झंडा ऊंचा लहराया है। उन्होंने कहा कि जब मैं अहमदाबाद से निकला था तो उत्तर प्रदेश में मतगणना शुरू हुई थी, जैसे-जैसे मतों की गणना होती गई वैसे-वैसे कांग्रेस के चेहरे की चमक जाती रही। मतगणना खत्म होने तक कांग्रेस के लोग टीवी चैनल्स से गायब हो गए। 

यूपी नतीजों ने किया कांग्रेस का मुंह बंद
चुनावी नतीजों से उत्साहित शाह ने कहा कि जो उत्तर प्रदेश में हुआ है वही फिर से गुजरात में दोहराया जाएगा। 18 दिसंबर को जब काउंटिंग शुरु होगी तो 11 बजे भाजपा के खाते में 150 से अधिक सीटें होंगी। इन नतीजों ने कांग्रेस के लोगों का मुंह बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा गुजरात में दो महीने से समय बिता रहे हैं, अगर वह अमेठी गए होते तो ऐसा नहीं होता। शाह ने कहा कि जिस तरह से जीडीपी 6.3 पर पहुंची है उसने एक बार फिर से इस बात को स्थापित किया है कि देश प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक बार चुनाव खत्म हो जाएंगे तो गांधी परिवार सोमनाथ दर्शन के लिए भी नहीं आएगा लेकिन मैं आउंगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News