वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री का हुआ निधन, पार्टी में शोक की लहर
punjabkesari.in Thursday, May 01, 2025 - 08:59 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास का गुरुवार को अहमदाबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। करीब एक महीने पहले गणगौर के कार्यक्रम में उनकी साड़ी में आग लग गई थी, जिससे वे 90% झुलस गई थीं और सिर में भी चोट आई थी। तभी से उनका इलाज चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर बनी रही।
गिरिजा व्यास का राजनीतिक जीवन बहुत लंबा और प्रभावशाली रहा है। वे मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री रहीं और उदयपुर से सांसद चुनी गई थीं। वे राजस्थान कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुकी थीं।
गिरिजा व्यास का राजनीतिक सफर
- 1977 में उन्होंने उदयपुर कांग्रेस इकाई की अध्यक्ष के रूप में राजनीति शुरू की।
- 1985 में विधायक बनीं और पर्यटन, शिक्षा और वित्त मंत्रालय में काम किया।
- 1991 में पहली बार लोकसभा सांसद बनीं और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में उपमंत्री बनीं।
- 1993 से भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं।
- 2005 से 2011 तक राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख रहीं और महिला अधिकारों के लिए बड़ी आवाज बनीं।
- 2013-14 में मनमोहन सरकार में आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्री रहीं।
- वे कांग्रेस के मीडिया विभाग की अध्यक्ष और "कांग्रेस संदेश" पत्रिका की संपादक भी रहीं।
गिरिजा व्यास को महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा। वे राजस्थान की राजनीति और समाज को दिशा देने वाली प्रमुख नेता थीं।