वो 10 देश, जो अपनी सेना पर बेहिसाब पैसा करते हैं खर्च, जानिए भारत किस रैंक पर आता है?
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 01:56 PM (IST)
नेशनल डेस्क : विश्व भर में बढते भू‑राजनीतिक तनाव और सीमाओं पर संघर्ष के बढ़ने के कारण लगभग हर देश अपनी सैन्य क्षमता और रक्षा तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दे रहा है। कई देश अपनी आर्थिक क्षमता के मुकाबले रक्षा बजट में भारी वृद्धि कर रहे हैं, जबकि कुछ देश कर्ज लेकर भी अपनी सुरक्षा जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। अत्याधुनिक हथियारों, सैन्य आधुनिकीकरण और नई तकनीकों पर निवेश इन देशों की प्राथमिकता बन गया है।
1. अमेरिका: दुनिया का सबसे बड़ा रक्षा बजट
ग्लोबल फायर इंडेक्स 2026 के अनुसार, अमेरिका पहले स्थान पर है। उसका रक्षा बजट लगभग 831.5 बिलियन डॉलर है, जबकि डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस के लिए 849.9 बिलियन डॉलर की मंजूरी दी गई है। यह बजट एयर डॉमिनेंस, नौसेना क्षमताओं के विस्तार, सैन्य आधुनिकीकरण और सैनिकों की सैलरी में खर्च किया जा रहा है। वैश्विक सैन्य उपस्थिति और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा में प्रमुख भूमिका के कारण अमेरिका का यह बजट सबसे बड़ा माना जाता है।
2. दूसरे स्थान पर चीन
दूसरे स्थान पर चीन का बजट लगभग 303 बिलियन डॉलर है। चीन ने अपने रक्षा खर्च में 7.2 प्रतिशत की वृद्धि की है। इसका अधिकतर हिस्सा सैन्य आधुनिकीकरण, नौसेना विस्तार और तकनीकी क्षमता मजबूत करने में लगा है। अमेरिका और क्षेत्रीय देशों के साथ बढ़ते तनाव के चलते चीन लगातार अपना रक्षा बजट बढ़ा रहा है।
यह भी पढ़ें - शराब नहीं पीने के बावजूद भारतीय को 'फैटी लिवर', पीने वाले विदेशी का लिवर स्वस्थ, जानें क्यों हैं ऐसा?
3. तीसरे स्थान पर रूस
तीसरे स्थान पर रूस है, जिसका रक्षा बजट लगभग 212.64 बिलियन डॉलर है। रूस इस खर्च की जानकारी सीमित रूप से सार्वजनिक करता है, लेकिन अनुमान है कि उसने 3.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। यूक्रेन युद्ध के बाद रूस का सैन्य खर्च और भी चर्चा में रहा है।
4. चौथे स्थान पर जर्मनी
चौथे स्थान पर जर्मनी का बजट लगभग 127.4 बिलियन डॉलर है। जर्मनी 2025 तक अपने रक्षा ढांचे को तेजी से आधुनिक बनाने पर काम कर रहा है। इसका लक्ष्य नाटो के जीडीपी के 2 प्रतिशत रक्षा खर्च के मानक को पूरा करना और सेना की संचालन क्षमता बढ़ाना है।
5. पांचवें स्थान पर भारत
पांचवें स्थान पर भारत का रक्षा बजट लगभग 109 बिलियन डॉलर है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.53 प्रतिशत अधिक है। यह केंद्रीय बजट का करीब 13.45 प्रतिशत है। भारत अपने बजट का बड़ा हिस्सा सैन्य आधुनिकीकरण, स्वदेशी हथियारों की खरीद और ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल के तहत घरेलू रक्षा उत्पादन बढ़ाने पर खर्च कर रहा है।
6. छठे स्थान पर ब्रिटेन
छठे स्थान पर ब्रिटेन का बजट लगभग 88.53 बिलियन डॉलर है, जो उसकी जीडीपी का 2.26 प्रतिशत है। यूरोप में बढ़ते सुरक्षा खतरे को देखते हुए ब्रिटेन अपनी सैन्य ताकत बढ़ा रहा है और 2035 तक इसे जीडीपी के 3.5 प्रतिशत तक ले जाने की योजना बना रहा है।
7. सातवें स्थान पर फ्रांस है
सातवें स्थान पर फ्रांस है, जिसका रक्षा बजट लगभग 67.23 बिलियन डॉलर है। फ्रांस यूरोप में सुरक्षा खतरे को देखते हुए एयरक्राफ्ट कैरियर, युद्धपोतों और अन्य बड़े रक्षा प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है।
8. आठवें स्थान पर सऊदी अरब
आठवें स्थान पर सऊदी अरब का बजट लगभग 63.99 बिलियन डॉलर है। यह देश अपने सैन्य आधुनिकीकरण और क्षेत्रीय सुरक्षा पर ध्यान दे रहा है। 2030 तक रक्षा खर्च का 50 प्रतिशत से अधिक स्थानीयकरण करना उसका लक्ष्य है।
9. नौवें स्थान पर जापान
नौवें स्थान पर जापान है, जिसका बजट लगभग 58 बिलियन डॉलर है। चीन, उत्तर कोरिया और रूस से जुड़े सुरक्षा चिंताओं के चलते जापान ने मिसाइल डिफेंस और समुद्री सुरक्षा पर जोर दिया है।
10. दसवें स्थान पर ऑस्ट्रेलिया
दसवें स्थान पर ऑस्ट्रेलिया का बजट लगभग 57.35 बिलियन डॉलर है। साउथ चाइना सी में चीन से खतरे को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मिसाइल तकनीक पर निवेश कर रहा है।
