तपती धरती और आसमान से बरसती आग, 3 दिन में 17 लोगों की मौत; भीषण गर्मी को वजह मान रही पुलिस

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 06:03 AM (IST)

नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र के नागपुर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है और पिछले तीन दिनों में विभिन्न स्थानों पर 17 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस को संदेह है कि मौत का संभावित कारण भीषण गर्मी है। पुलिस के मुताबिक जिन लोगों की मौत हुई है वे स्टेशन परिसर के पास, सड़कों के किनारे, फ्लाईओवर के नीचे, बाजारों के पास, बगीचों और सार्वजनिक स्थानों पर मृत पाए गए।

पुलिस के अनुसार, ऐसा लगता है कि इनमें से अधिकतर लोग बेघर थे या दयनीय परिस्थितियों में रह रहे थे। पुलिस को संदेह है कि भीषण गर्मी में लंबे समय तक धूप में रहने के कारण कई लोगों की मौत हुई है।

नागपुर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ''जान गंवाने वाले लोग बेघर थे या मुश्किल परिस्थितियों में यात्रा कर रहे थे। चिकित्सा रिपोर्ट से मौत के सटीक कारणों की पुष्टि होगी, लेकिन कई मामलों में भीषण गर्मी से मौत होने का संदेह है।" पुलिस ने सभी घटनाओं में आकस्मिक मृत्यु के मामले दर्ज किए हैं और मृत्यु के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News